महोत्सव में 14 दिसंबर से 20 दिसंबर तक किया जाएगा कार्यक्रमों का प्रसारण, 90 देशों के अलावा विभिन्न देशों के नागरिक जुडेंग़े आईजीएम महोत्सव के साथ, महोत्सव का सरस और शिल्प मेले का होगा 5 दिसंबर को आगाज
कुरुक्षेत्र 27 नवंबर गीता स्थली कुरुक्षेत्र से हजारों साल पहले भगवान श्रीकृष्ण के अमर गीता संदेश के साथ-साथ अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2026 के तमाम कार्यक्रमों की झलक 90 देशों में देखने को मिलेंगी। इन देशों में 100 से ज्यादा कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। इतना ही नहीं इन 90 देशों के अलावा विभिन्न देशों को अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2026 को लेकर कुरुक्षेत्र में होने वाले कार्यक्रमों के साथ लाइव प्रसारण से जोड़ा जाएगा। अहम पहलू यह है कि इन तमाम कार्यक्रमों का आयोजन 14 दिसंबर से 20 दिसंबर के दौरान किया जाएगा।
कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव उपेंद्र सिंघल का कहना है कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2026 को दुनिया के हर देश तक पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आदेशानुसार एक रूपरेखा तैयार की गई है। इस महोत्सव को लेकर 90 से ज्यादा देशों में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आदेशानुसार और गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद के मार्गदर्शन में 14 से 20 दिसंबर तक 90 देशों में 100 से ज्यादा कार्यक्रमों का आयोजन करने की रूपरेखा तैयार की है। इन देशों के अलावा बाकी देशों को कुरुक्षेत्र में महोत्सव के दौरान होने वाले कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण दिखाने की व्यवस्था भी कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की तरफ से की जा रही है। इन देशों को यूट्यूब या सोशल साइटस के अन्य प्लेटफार्म के माध्यम से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2026 के मुख्य कार्यक्रम 14 दिसंबर को शुरू होंगे। इस महोत्सव में सुबह के समय ब्रह्मसरोवर के पवित्र जल का आचमन और पूजन करने के साथ कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू होगा। इसी दौरान 14 दिसंबर को ही कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सभागार में अंतर्राष्ट्रीय गीता सेमिनार का आयोजन होगा, 14 से 20 दिसंबर तक सायं के समय ब्रह्मसरोवर पुरुषोत्तमपुरा बाग में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। इस बार ज्योतिसर में महाभारत अनुभव केंद्र में भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इसके अलावा हरियाणा पवेलियन, महोत्सव के सहयोगी राज्य दिल्ली और पश्चिम बंगाल का पवेलियन, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की राज्यस्तरीय प्रदर्शनी, देवस्थानम सम्मेलन, 27 हजार विद्यार्थियों द्वारा वैश्विक गीता पाठ, दीपोत्सव एवं दीपदान, गीता शोभायात्रा मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्य कार्यक्रमों से पहले 5 दिसंबर को ब्रह्मसरोवर के पावन तट पर शिल्प और सरस मेले का शुभारंभ होगा। इस मेले का शुभारंभ हरियाणा के राज्यपाल करेंगे। यह मेला 25 दिसंबर तक चलेगा, इस दौरान हरियाणा ही नहीं आसपास के राज्यों से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पर्यटक और श्रद्धालु अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। इस महोत्सव में कुरुक्षेत्र जिला की तमाम धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं द्वारा भी कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इन संस्थाओं के प्रतिनिधियों के सहयोग से ही महोत्सव को ओर यादगार बनाया जाएगा।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *