नगराधीश सम जिला नोडल अधिकारी (जनगणना) अभिषेक गर्ग ने नागरिकों से जनगणना में सक्रिय भागीदारी की अपील की
अंबाला, 27 नवंबर।

नगराधीश अम्बाला ने जनगणना 2027 के दूसरे चरण अर्थात जनसंख्या गणना के संबंध में आमजन को जागरूक करते हुए कहा कि जनगणना देश के विकास की योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण का एक महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़े सरकार को शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सडक़, पेयजल तथा अन्य जनकल्याणकारी सुविधाओं की बेहतर योजना बनाने में सहायता प्रदान करते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग करते हुए सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाए।
उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 के दूसरे चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना का कार्य 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक किया जाएगा। इसके पश्चात 1 मार्च से 5 मार्च 2027 तक पुनरीक्षण कार्य होगा। इसके अतिरिक्त नागरिकों को अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करवाने की सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से 10 जनवरी 2027 की मध्य रात्रि से 24 जनवरी 2027 की मध्य रात्रि तक स्वगणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
उन्होंने जनसामान्य से अपील की जनगणना के दौरान प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का पूरा सहयोग करें तथा उनके द्वारा पूछे गए प्रश्नों का सही, स्पष्ट एवं तथ्यात्मक उत्तर दें। उन्होंने कहा कि जनगणना में प्रत्येक परिवार और प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी महत्वपूर्ण है। नागरिक किसी भी प्रकार की जानकारी छिपाने अथवा गलत जानकारी देने से बचें, ताकि जनगणना के आंकड़े वास्तविक स्थिति को सही ढंग से प्रदर्शित कर सकें।
इस अवसर पर जिला समन्वय अधिकारी (जनगणना) विकास बजाज ने बताया कि स्वगणना की सुविधा नागरिकों को अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करने का अवसर भी मिलेगा। यह अवसर 10 जनवरी 2027 की मध्यरात्रि से 24 जनवरी 20267 की मध्यरात्रि तक रहेगा। इसके लिए कोई भी se.census.gov.in पर जाकर स्वयं और अपने परिजनों के बारे में जानकारी दर्ज करवा सकता है । इस अवसर का सभी को फायदा उठाना चाहिए ।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *