15 दिसंबर को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर करेंगे रवाना, चार दिवसीय यात्रा के लिए सरल पोर्टल पर आवेदन शुरू
कुरुक्षेत्र 27 नवंबर उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत प्रदेश के बुजुर्ग श्रद्धालुओं को 15 दिसंबर को चार दिवसीय नि:शुल्क वाराणसी तीर्थ यात्रा करवाई जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस यात्रा के लिए पात्र श्रद्धालुओं से आवेदन आमंत्रित करने हेतु पोर्टल खोल दिया गया है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का उद्देश्य प्रदेश के बुजुर्ग श्रद्धालुओं को प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाने का अवसर प्रदान करना है। इस योजना के तहत 60 वर्ष या इससे अधिक आयु के बुजुर्ग श्रद्धालु नि:शुल्क तीर्थ यात्रा का लाभ उठा सकते हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को वाराणसी के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन करवाए जाएंगे। इसके साथ ही रेल यात्रा के दौरान प्रत्येक श्रद्धालु को पर्यटक किट भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इस योजना का लाभ लेने के लिए श्रद्धालु के परिवार की वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। पात्र श्रद्धालु सरलहरियाणा.जीओवी.इन पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत इससे पहले भी प्रदेश के श्रद्धालुओं को अयोध्या तथा महाराष्ट्र के श्री हजूर साहिब, नांदेड़ की नि:शुल्क तीर्थ यात्रा करवाई जा चुकी है। अब वाराणसी यात्रा के माध्यम से बुजुर्ग श्रद्धालुओं को धार्मिक एवं आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने जिले के सभी पात्र बुजुर्ग श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि वे इस योजना का लाभ उठाने के लिए जल्द से जल्द सरल हरियाणा पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवाएं और सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना का लाभ प्राप्त करें।
