14 से 16 दिसंबर तक कुवि में होगा अंतरराष्ट्रीय गीता सम्मेलन, ‘श्रीमद्भगवद्गीताः परम्पराएँ और प्रभावः वैश्विक संस्कृतियों का समन्वय’ रहेगा मुख्य विषय
कुरुक्षेत्र, 23 नवंबर।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती समारोह के अवसर पर कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड (केडीबी) के सहयोग से 11वें अंतर्राष्ट्रीय गीता सम्मेलन का आयोजन 14 से 16 दिसंबर, 2026 तक किया जाएगा। सम्मेलन का मुख्य विषय ‘श्रीमद्भगवद्गीताः परम्पराएँ और प्रभावः वैश्विक संस्कृतियों का समन्वय’  निर्धारित किया गया है। सम्मेलन में देश-विदेश के विद्वानों, शिक्षाविदों, शोधार्थियों एवं विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों को सहभागिता के लिए आमंत्रित किया गया है।
सम्मेलन आयोजन समिति के निदेशक प्रो. ए.आर. चौधरी ने बताया कि सम्मेलन में बहुविषयक सहभागिता को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके अंतर्गत सम्मेलन के मुख्य विषय एवं विभिन्न उप-विषयों पर विविध दृष्टिकोण, आलोचनात्मक चिंतन तथा नवीन शोध निष्कर्ष प्रस्तुत करने वाले विद्वत्तापूर्ण शोध-पत्र आमंत्रित किए गए हैं। सम्मेलन का उद्देश्य श्रीमद्भगवद्गीता की शिक्षाओं, परम्पराओं एवं वैश्विक प्रभावों पर अकादमिक विमर्श को प्रोत्साहित करना तथा विभिन्न संस्कृतियों के बीच संवाद एवं समन्वय को बढ़ावा देना है।
प्रो. ए.आर. चौधरी ने बताया कि इच्छुक विद्वान एवं शोधार्थी अपने शोध-पत्रों के सारांश एवं पूर्ण शोध-पत्र 30 नवंबर, 2026 तक जमा करवा सकते हैं। सम्मेलन में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय परिसर के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए पंजीकरण पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।
लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि सम्मेलन में सहभागिता, शोध-पत्र प्रस्तुति तथा अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों से संबंधित विस्तृत जानकारी सम्मेलन की आधिकारिक वेबसाइट https://gitaconferencekurukshetra.in/ पर उपलब्ध है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *