पिहोवा, 23 नवंबर। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा पिहोवा में राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन के अंतर्गत एक दिवसीय जिला स्तरीय किसान मेले का आयोजन किया गया। इस मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों को खाद्य तेलों की घरेलू उत्पादन क्षमता बढ़ाने, तिलहन फसलों की खेती अपनाने तथा खाद्य तेलों के क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करना रहा। जिला कृषि उपनिदेशक डा. गिरीश नागपाल ने किसानों को संबोधित करते हुए तिलहन फसलों की खेती के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भारत में खाद्य तेलों की घरेलू मांग को पूरा करने के लिए बड़ी मात्रा में खाद्य तेलों का आयात किया जाता है, जिससे देश की विदेशी मुद्रा का काफी हिस्सा खर्च होता है। किसानों को तिलहन फसलों की खेती अपनाकर देश को खाद्य तेलों के उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
उन्होंने किसानों को तिलहन फसलों की उन्नत उत्पादन तकनीक, उचित बीज चयन, संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन, समय पर कृषि कार्यों तथा फसल की गुणवत्ता बनाए रखने के उपायों की जानकारी दी। इसके साथ ही, उत्पादन एवं गुणवत्ता में सुधार करके किसानों की आय बढ़ाने और तिलहन खेती को लाभकारी बनाने पर जोर दिया। कृषि विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी किसानों को  योजना के उद्देश्यों, लाभों तथा तिलहन फसलों के क्षेत्र विस्तार के बारे में जागरूक किया और किसानों से इस मिशन के तहत तिलहन खेती अपनाने का आह्वान किया। इस मेले में क्षेत्र के किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा कृषि विशेषज्ञों से तिलहन उत्पादन एवं गुणवत्ता संबंधी जानकारी प्राप्त की।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *