**संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व वर्ष को समर्पित यात्रा सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का देगी संदेश**
करनाल। करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रही समरसता संकल्प यात्रा का करनाल पहुंचने पर भव्य स्वागत किया जाएगा। यह यात्रा समाज में समानता, सामाजिक समरसता, भाईचारे और मानवता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।
विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि संत गुरु रविदास जी महाराज ने अपना संपूर्ण जीवन समाज को एकता, सद्भाव और समानता का मार्ग दिखाने में समर्पित किया। उनकी शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं और समाज को जाति-पाति तथा भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट होने की प्रेरणा देती हैं।
उन्होंने बताया कि समरसता संकल्प यात्रा 26 नवंबर को कुरुक्षेत्र से होते हुए करनाल पहुंचेगी। यात्रा के स्वागत एवं सफल आयोजन को लेकर भाजपा करनाल द्वारा यात्रा की तैयारियों को लेकर विस्तार से तैयारियां की जा रही है।
विधायक ने कहा कि यात्रा के करनाल आगमन पर स्वागत स्थलों, यात्रा मार्ग, मंच व्यवस्था, पुष्प वर्षा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। इसके लिए मंडल अध्यक्षों, मोर्चा अध्यक्षों, प्रकोष्ठ संयोजकों एवं पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
जगमोहन आनंद ने कहा कि करनाल में इस यात्रा का स्वागत ऐतिहासिक और यादगार होगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आमजन से आह्वान किया कि वे बढ़-चढ़कर इस आयोजन में भाग लें और संत गुरु रविदास जी महाराज के विचारों को आत्मसात करते हुए सामाजिक एकता एवं समरसता को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें।
उन्होंने कहा कि करनाल का आयोजन पूरे प्रदेश के लिए सामाजिक एकता और भाईचारे की एक मिसाल बनेगा।
