अब एमआईएस पोर्टल पर होगा अधिकारियों के स्कूल दौरों का पूरा रिकॉर्ड
कुरुक्षेत्र, 23 नवंबर। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि स्कूल शिक्षा विभाग हरियाणा द्वारा एमआईएस पोर्टल पर स्कूल विजिट मॉडयूल विकसित किया गया है। इस मॉड्यूल के माध्यम से अब अधिकारी स्कूलों को गोद लेकर स्कूल का दौरा कर अपनी रिपोर्ट ऑनलाइन दर्ज करेंगे। इससे स्कूलों की वास्तविक स्थिति, व्यवस्थाओं और कमियों की सही जानकारी विभाग को समय पर मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रदेश के किसी भी स्कूल में बुनियादी सुविधाओं की कमी न रहे। जिला प्रशासन इस दिशा में पूरी गंभीरता से काम कर रहा है। स्कूल विजिट मॉड्यूल से स्कूलों की मॉनिटरिंग और अधिक पारदर्शी और प्रभावी होगी।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा सोमवार को लघु सचिवालय के मीटिंग हॉल में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिला के सभी विभागीय अधिकारी, उपमंडल अधिकारी, तहसीलदार, बीडीपीओ और अन्य अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के स्कूलों को गोद लेकर नियमित रूप से विजिट करेंगे और रिपोर्ट एमआईएस पोर्टल पर अपलोड करेंगे। इससे स्कूलों में सुधार की प्रक्रिया में तेजी आएगी और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे एमआईएस पोर्टल पर स्कूल विजिट मॉड्यूल का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। अधिकारी hryedumis.gov.in पर जाकर ऑफिसर लॉगिन (फॉर स्कूल विजिट) लिंक के माध्यम से लॉगिन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि अधिकारी एमआईएस पोर्टल पर रजिस्टर लिंक के माध्यम से अपनी लॉगिन क्रेडेंशियल बना सकते हैं। रजिस्ट्रेशन फॉर्म में सभी विवरण भरने के बाद, सिस्टम द्वारा मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से क्रेडेंशियल भेजे जाते हैं। क्रेडेंशियल मिलने के बाद अधिकारी अपना यूजर नेम और पासवर्ड डालकर एमआईएस पोर्टल पर लॉगिन करेंगे। इसके बाद ऑफिसर लॉगिन (फॉर स्कूल विजिट) पर क्लिक करके स्कूल विजिट मॉड्यूल में अपनी रिपोर्ट अपलोड कर सकेंगे।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि लॉगिन के बाद अधिकारी असाइन न्यू स्कूल बटन पर क्लिक करके स्कूल को गोद ले सकते हैं। अधिकारी जिला / ब्लॉक के अनुसार स्कूलों को छांटकर गोद ले सकते हैं। अधिकारी जितने चाहें उतने स्कूलों को गोद ले सकते हैं या विजिट के लिए चुन सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल को गोद लेने के बाद अधिकारी विजिट बटन पर क्लिक करके विजिट कर सकते हैं। अधिकारी को स्कूल के बारे में अपना फीडबैक / ऑब्जर्वेशन फोटो और पीडीएफ के साथ अपलोड करना होगा।
उन्होंने कहा कि अधिकारी रि-विजिट ऑप्शन के माध्यम से कितनी भी बार विजिट रिकॉर्ड जमा कर सकते हैं। इसके साथ ही व्यू हिस्ट्री ऑप्शन के माध्यम से पहले की गई विजिट का पूरा रिकॉर्ड देख सकते हैं।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि अधिकारी विजिट असाइन / अडॉप्ट स्कूल के अलावा रेंडम स्कूल का चयन करके भी अपनी विजिट रिकॉर्ड कर सकते हैं और रिलीज ऑप्शन के माध्यम से गोद लिए गए स्कूल को छोड़ भी सकते हैं। लॉगिन पेज पर फॉरगेट पासवर्ड ऑप्शन के माध्यम से अधिकारी अपना पासवर्ड भी बदल सकते हैं। इसके लिए ओटीपी वेरिफिकेशन की सुविधा दी गई है।
उन्होंने बताया कि किसी भी तकनीकी समस्या के लिए अधिकारी एमईएस हेल्पडेस्क 0172-5049801 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्कूल में जाकर विद्यार्थियों, अध्यापकों और अभिभावकों से बातचीत करें और वास्तविक समस्याओं को पोर्टल पर दर्ज करें।
