घरौंडा, 27 नवंबर- घरौंडा नगरपालिका ने फुटपाथ पर अतिक्रमण करके शहर की व्यवस्था को बिगाड़ने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त एक्शन की तैयारी कर दी है। नगरपालिका ने शुक्रवार को मुनादी करवाकर अतिक्रमणकारियों को दो दिन का अल्टीमेटम दिया है। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर दुकानदारों ने फुटपाथों से अपनी दुकानों के आगे लगे अस्थाई ढांचों को नहीं हटाया और फुटपाथों को खाली नहीं किया तो नगरपालिका इन अस्थाई ढांचों को खुद ही हटाएगा। जिसके बाद संबंधित दुकानदार पर न सिर्फ कानूनी कार्रवाई होगी, बल्कि 5 से 10 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया जाएगा।
शुक्रवार को नगर पालिका सचिव रवि प्रकाश शर्मा के निर्देश पर स्वच्छता मोटिवेटर रेणु भूषण, राजेश कुमार जोगी व राहुल कुमार के नेतृत्व में शहर के सर्विस रोड पर ई-रिक्शा के साथ पहुंची। सरकारी स्कूल से मुनादी शुरू की और उसके बाद पूरे सर्विस रोड पर होते हुए अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी कि दो दिन में अपने ढांचे हटा ले और फुटपाथ को खाली कर दे, अन्यथा नगरपालिका सख्त एक्शन लेगी। वहीं दुकानदारों की माने तो नगरपालिका अगर कार्रवाई कर रही है तो सभी दुकानों के खिलाफ करें, ताकि सब पर एक समान रूप से कार्रवाई हो, किसी को भी बख्शा न जाए। वहीं नगर पालिका सचिव रवि प्रकाश शर्मा ने कहा कि नगरपालिका शहर में समय समय पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाती रहती है। इसी कड़ी में दो दिन पहले भी रेलवे रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया था। दुकानों के बाहर रखा सामान भी जब्त किया गया है। दुकानदारों ने फुटपाथों पर भी अतिक्रमण किया हुआ है। उन्होंने न सिर्फ अपना सामान बाहर रखा हुआ है बल्कि अस्थाई ढांचे भी बनाए हुए है। नगरपालिका ने मुनादी के माध्यम से भी चेतावनी दी है कि दुकानदार फुटपाथों को खुद ही खाली कर दें, अन्यथा प्रशासन खुद ही खाली करवाएगा और 5 से 10 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाएगा और कानूनी कार्रवाई भी करेगा। नगरपालिका सचिव ने कहा कि जिन लोगों ने शहर में बनी पेंटिंग पर अपने पोस्टर और बैनर लगाए हुए है वे ऐसा न करें, उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर नगर पालिका के संबंधित कर्मचारी भी उपस्थित थे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *