उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के दिए निर्देश
अंबाला, 06 अक्टूबर।

सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के आयुक्त एवं सचिव के.एम. पांडुरंग ने मंगलवार को सभी उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित होने वाली विकसित भारत संकल्प सभा सेवा ज्योति यात्रा की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वीसी के उपरांत उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अपने कार्यालय स्थित सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिला में 7 अक्टूबर को प्रस्तावित सेवा ज्योति यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की और जरूरी दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम के तहत विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन 7 अक्तूबर को पुलिस लाईन ग्राउंड अंबाला शहर में किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण किया जाएगा। इसके साथ अन्य गतिविधियों को जन-भागीदारी के साथ भव्य तरीके से आयोजन किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के उर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। विशिष्ट अतिथिगण के रूप में विधानसभा नारायणगढ़ की विधायक श्रीमति शैली चौधरी, पूर्व मंत्री श्री असीम गोयल, पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी, पूर्व विधायक श्रीमति संतोष सारवान, मेयर अंबाला अक्षिता सैनी, भाजपा जिला अध्यक्ष मंदीप सिंह राणा, वाईस चेयरमैन ट्रेडरस वेलफेयर बोर्ड राकेश बिंदल, चेयरमैन नगरपालिका एवं नगर परिषद् व ब्लॉक समिति चेयरमैन उपस्थित रहेंगे।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कार्यक्रम स्थल, यात्रा मार्ग, यातायात, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली और सभी तैयारियां आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों एवं आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभिन्न सेवाओं से जोडऩा तथा पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। सेवा ज्योति यात्रा इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने संबंधित विभागों को अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला परिषद गगनदीप, एसडीएम दर्शन कुमार, नगराधीश अभिषेक गर्ग, डीडीपीओ दिनेश शर्मा, जीएम रोडवेज अश्वनी ढोगरा के साथ-साथ अन्य संबंधी विभागों के अधिाकारी मौजूद रहें।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *