करनाल, 20 नवंबर। हरियाणा सरकार द्वारा उत्कृष्ट एवं नवाचारी कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू की गई हरियाणा सुशासन पुरस्कार योजना-2026 के तहत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसी को लेकर डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने जिले के सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि वे अपने कार्यालयों के उन अधिकारियों व कर्मचारियों के नाम स्पष्ट अनुशंसा सहित 23 नवंबर तक उपायुक्त कार्यालय में भेजें, जिन्होंने निर्धारित क्षेत्रों में असाधारण एवं नवाचारी कार्य किया है।
डीसी ने बताया कि यह योजना हरियाणा सरकार के अधीन विभागों, बोर्डों, निगमों, प्राधिकरणों, मिशनों, सोसाइटियों, संस्थानों, विश्वविद्यालयों व सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के ग्रुप-ए, बी, सी व डी के कर्मचारियों (प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों व अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों को छोडक़र) तथा हरियाणा कौशल रोजगार निगम लिमिटेड, हारट्रोन, एनआईसी, जिला आईटी सोसाइटी या आउटसोर्सिंग नीति के तहत कार्यरत अनुबंधित कर्मचारियों व मैनपावर पर लागू होगी। आवेदकों या अधिकतम 4 सदस्यों की टीम के आवेदनों की छंटनी कर विभागाध्यक्ष/कार्यालय प्रमुख द्वारा पोर्टल haryanagoodgovernanceawards.
पुरस्कार श्रेणियां व पुरस्कार राशि
डीसी ने बताया कि यह पुरस्कार राज्य स्तर (फ्लैगशिप अवार्ड व स्टेट अवॉर्ड) तथा जिला स्तर पर प्रदान किए जाएंगे। सुशासन दिवस (25 दिसंबर) के अवसर पर आयोजित होने वाले इस सम्मान के तहत स्टेट फ्लैगशिप अवॉर्ड, जिसमें अधिकतम 5 पुरस्कार; प्रत्येक विजेता या टीम के प्रत्येक सदस्य (अधिकतम 4 सदस्य) को 51,000 रुपये नकद, ट्रॉफी तथा मुख्य सचिव द्वारा हस्ताक्षरित प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। स्टेट अवॉर्ड के तहत अधिकतम 5 पुरस्कार; प्रत्येक विजेता या टीम के प्रत्येक सदस्य (अधिकतम 4 सदस्य) को 51,000 रुपये नकद, ट्रॉफी तथा मुख्य सचिव द्वारा हस्ताक्षरित प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। इसी प्रकार से जिला स्तरीय पुरस्कार के तहत प्रत्येक जिले में अधिकतम 5 पुरस्कार; प्रत्येक विजेता या टीम के प्रत्येक सदस्य (अधिकतम 4 सदस्य) को 31,000 रुपये नकद, ट्रॉफी तथा मंडल आयुक्त द्वारा हस्ताक्षरित प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। जिला स्तर पर पुरस्कारों के लिए जिला स्तरीय सशक्त समिति (उपायुक्त अध्यक्ष, पुलिस अधीक्षक/डीसीपी मुख्यालय तथा अतिरिक्त उपायुक्त सदस्य-सचिव) द्वारा छंटनी व मूल्यांकन किया जाएगा। विस्तृत जानकारी पोर्टल तथा हरियाणा के मुख्य सचिव की वेबसाइट www.csharyana.gov.in पर उपलब्ध है।
