सामुदायिक शौचालयों की स्वच्छता हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी: पूर्ण चंद सैनी
करनाल, 20 नवंबर। 19 नवंबर से 10 दिसंबर तक मनाए जा रहे ‘विश्व शौचालय दिवस पखवाड़ा’ के तहत आज जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कुंजपुरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत कुलवेहरी, करनाल ब्लॉक की गजों गढ़ी तथा घरौंडा ब्लॉक की कैरवाली ग्राम पंचायत में सरपंच प्रतिनिधि पंकज कंबोज की अध्यक्षता में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता, शौचालयों के नियमित उपयोग एवं रखरखाव के प्रति प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परिषद ब्लॉक कोऑर्डिनेटर पूर्ण चंद सैनी ने बच्चों से आह्वान किया कि वे अपने घरों के शौचालयों की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि स्कूल, मंदिर, चौपाल या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर बने सामुदायिक शौचालयों का इस्तेमाल करने के बाद पानी डालना और स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। अक्सर लोग सामुदायिक शौचालयों का उपयोग तो करते हैं, लेकिन सफाई के प्रति उदासीन रहते हैं। यदि हम इनका उपयोग करते हैं, तो इन्हें स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी भी हमारी ही है।
ठोस कचरा प्रबंधन नियम-2026 के तहत दी डस्टबिन के उपयोग की जानकारी
इस अवसर पर बच्चों को ‘ठोस कचरा प्रबंधन नियम-2026’ के तहत गीले व सूखे कचरे के पृथक्करण (अलग-अलग करने) और विभिन्न रंगों के डस्टबिन के सही उपयोग के बारे में विस्तार से समझाया गया:
हरा डस्टबिन: रसोई से निकलने वाले गीले व जैविक कचरे के लिए।
नीला डस्टबिन: कागज, प्लास्टिक आदि सूखे कचरे के लिए।
लाल डस्टबिन: बच्चों के डायपर, इस्तेमाल किए गए सैनिटरी पैड आदि स्वच्छता अपशिष्ट (सेनेटरी वेस्ट) के लिए।
काला डस्टबिन: स्पेशल केयर वेस्ट जैसे खराब ट्यूबलाइट, बल्ब, बैटरी सेल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक कचरे के लिए।
ब्लॉक कोऑर्डिनेटर कुसुम लता ने बच्चों को अपने घरों में अलग-अलग डस्टबिन रखने और दैनिक जीवन में कम से कम कचरा उत्पन्न करने की आदत अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में अध्यापक नरेश, अनिल सहित विद्यालय का अन्य स्टाफ भी उपस्थित रहा।
