करनाल, 21 सितंबर। जिला स्तर पर प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (पैक्स) के कम्प्यूटरीकरण के कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आज जिला सचिवालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. राहुल रईया ने की।
समीक्षा बैठक के दौरान एडीसी डॉ. राहुल रईया ने बताया कि जिला की 98 में से 86 पैक्स को प्रथम चरण में सफलतापूर्वक ई-पैक्स प्रणाली में परिवर्तित किया जा चुका है। इनमें से 82 पैक्स द्वारा अब नियमित रूप से प्रतिदिन डे-एंड की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके अलावा जिला की 54 पैक्स में ऑडिट का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाकी बची 4 पैक्स आगामी 15 दिनों के भीतर डायनेमिक डे-एंड की प्रक्रिया शुरू करना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि पैक्स से जुड़े सभी सदस्यों का ई-केवाईसी का काम और बाकी 32 पैक्स के ऑडिट का बकाया कार्य बिना किसी देरी के जल्द पूरा किया जाए।
बैठक में अवगत कराया गया कि इन सभी प्रक्रियाओं को सुचारू रूप से चलाने और कार्य में तेजी लाने के लिए पैक्स कर्मचारियों को सभी आवश्यक प्रशिक्षण एवं हैंड-होल्डिंग सहायता पहले ही प्रदान की जा चुकी है। इस समीक्षा बैठक में नाबार्ड के डीडीएम हिमांशु खत्री, को-ऑपरेटिव बैंक की जीएम शीतल पन्नू, विभिन्न बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी तथा पैक्स के प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
