बाल श्रम, बंधुआ मजदूरी एवं ईंट भ_ों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश
अंबाला, 19 सितम्बर।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अपने कार्यालय सभागार में जिला सतर्कता समिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए बाल श्रम, बंधुआ मजदूरी, ईंट भ_ों तथा प्रवासी मजदूरों से संबंधित विषयों की विस्तार से समीक्षा की और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में उपायुक्त ने बाल श्रम एवं बंधुआ मजदूरी की रोकथाम के लिए की गई इंस्पेक्शन, रेस्क्यू अभियान, दर्ज एफआईआर तथा की गई कार्रवाई की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बाल श्रम एवं बंधुआ मजदूरी से जुड़ी शिकायतों के निपटान की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बाल श्रम एवं बंधुआ मजदूरी जैसी सामाजिक बुराइयों की रोकथाम के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी ढंग से कार्य करें तथा शिकायत प्राप्त होते ही नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त ने ईंट भ_ों के कामकाज तथा वहां श्रम कानूनों एवं अन्य निर्धारित नियमों की पालना की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में संचालित ईंट भ_ों, ढाबों तथा बाल श्रम की संभावना वाले अन्य स्थानों की नियमित एवं निरंतर मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान यदि नियमों की अवहेलना या बाल श्रम का मामला सामने आता है तो नियमानुसार तत्काल कार्रवाई अमल में लाई जाए।
उन्होंने प्रवासी मजदूरों से संबंधित मामलों की जानकारी लेते हुए कहा कि उनके संबंध में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटान किया जाए। इसके लिए श्रम विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस तथा अन्य संबंधित विभाग बेहतर तालमेल के साथ कार्य करें।
उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को ईंट भ_ों पर नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि ईंट भ_ों पर कार्यरत मजदूरों तथा उनके बच्चों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे स्वस्थ रहें।
इस अवसर पर एसडीएम कनिका गोयल, एसडीएम दर्शन कुमार, एसडीएम शिवजीत भारती, एसडीएम सतिंद्र सिवाच, सहायक श्रम आयुक्त प्रदीप कुमार, डीपीओ महिला एवं बाल विकास विभाग मनीषा, जिला बाल संरक्षण अधिकारी ममता, चेयरपर्सन सीडब्ल्यूसी रंजीता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
