करनाल, 4 अगस्त।     डीसी डॉ आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस हर वर्ष की भांति इस बार भी पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया जाएगा। समारोह की गरिमा के अनुरूप सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करें, ताकि समारोह का आयोजन भव्य रूप से संपन्न हो सके। इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न करें।

डीसी डॉ आनंद कुमार शर्मा मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग को सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करना होगा। समारोह स्थल के साथ-साथ पूरे शहर में स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान रखा जाए। समारोह के भव्य रूप देने में किसी प्रकार की कोई कमी न छोड़ी जाए।

डीसी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन पुलिस लाइन, करनाल के प्रांगण में किया जाएगा। जबकि 15 अगस्त को बरसात होने की स्थिति में करनाल अनाज मंडी को वैकल्पिक कार्यक्रम स्थल के तौर पर निश्चित किया गया है। उन्होंने बताया कि समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम व सामूहिक मास पीटी शो का आयोजन होगा, परेड में पुलिस, महिला पुलिस, होमगार्ड व एनसीसी की प्लाटूनें शामिल रहेंगीं।

डीसी ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के इंचार्ज इस बात का विशेष ध्यान रखें कि कार्यक्रम देशभक्ति पर आधारित हों। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के मौके पर उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किए जाने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों की सूची नगराधीश के कार्यालय में 10 अगस्त तक अपनी सिफारिश सहित पंहुचवाना सुनिश्चित करेंगे। संबंधित विभाग के अधिकारी सिफारिश करते समय प्रशंसा पत्र वितरित किए जाने को लेकर निर्धारित मापदंडों की पालना सुनिश्चित करेंंगे। डीसी ने यह भी बताया कि असंध, घरौंडा, इन्द्री व नीलोखेड़ी उपमंडल में भी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया जाएगा इसके लिए संबंधित एसडीएम सभी आवश्यक प्रबंध करवाना सुनिश्चित करें।

उन्होंने बताया कि मुख्य अतिथि 15 अगस्त को प्रात: 8.30 बजे सबसे पहले कर्ण पार्क के नजदीक स्थापित शहीदी स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित करके शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे। शहीदी स्मारक पर फूलों व सजावट का कार्य हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण सम्पदा अधिकारी करेंगे जबकि यहां पर जिला शिक्षा अधिकारी और महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी रंगोली करवाना सुनिश्चित करेंगी तथा नगर निगम के अधिकारी शहीदी स्मारक की सजावट और रंग-बिरंगे झंडों तथा सफाई की समुचित व्यवस्था करेंगे। शहीदी स्मारक के बाद मुख्य अतिथि पुलिस लाइन, करनाल में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में पहुंचकर प्रात: 8.58 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे तथा परेड का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद मुख्य अतिथि का भाषण और विभिन्न टुकडिय़ों का मार्च मास्ट होगा। मार्च पास्ट में पुलिस, होमगार्ड, एन.सी.सी एयर विंग, एनसीसी आर्मी विंग इत्यादि की टुकडिय़ां भाग लेंगी। पुलिस लाइन, करनाल प्रांगण में परेड में भाग लेने वाली टुकडिय़ांं पूर्वाभ्यास जारी रखेंगी।

उन्होंने बताया कि 8 अगस्त को प्रथम पूर्वाभ्यास व 11 अगस्त को द्वितीय अभ्यास, 12 अगस्त को तृतीय पूर्वाभ्यास  तथा 13 अगस्त को फाईनल रिहर्सल होगी। पूर्वाभ्यास के दौरान भी सिविल सर्जन एम्बुलैंस व फस्ट ऐड की व्यवस्था करेंगे। इसके अलावा जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी पीने के पानी का प्रबंध तथा एसडीएम करनाल की देखरेख में बच्चों के लिए रिफ्रेशमेंट का प्रबंध करवाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के चयन के लिए कमेटी गठित की जाएगी, जिसमें जिला शिक्षा अधिकारी, मौलिक शिक्षा अधिकारी व जिला सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी सदस्य के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने अधिकारियों को ड्यूटी बताते हुए कहा कि समारोह में माइक सर्विस का कार्य डीआईपीआरओ की देखरेख में होगा, जन स्वास्थ्य विभाग पीने के पानी तथा शौचालय की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग ट्रैफिक कंट्रोल व सुरक्षा के इंतजाम करेगा तथा सिविल सर्जन एम्बुलैंस व फस्र्ट ऐड की व्यवस्था करेंगे। लोक निर्माण विभाग द्वारा बैरिकेडिंग पुलिस विभाग के निर्देशानुसार करवाई जाएगी तथा बिजली विभाग बिजली आपूर्ति व जनरेटर की व्यवस्था करेगा। स्वागत गेटों की व्यवस्था शुगर मिल करनाल के एमडी द्वारा करवाई जाएगी। इसके अलावा समारोह स्थल तक बच्चों के आने जाने की व्यवस्था जीएम रोडवेज व आरटीए सचिव की रहेगी।

उन्होंने कहा कि समारोह स्थल व मंच की साज सज्जा की व्यवस्था सम्पदा अधिकारी एचएसवीपी के निर्देश में जिला उद्यान अधिकारी द्वारा करवाई जाएगी। अग्रिशमन अधिकारी समारोह स्थल पर फायर गाड़ी की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि समारोह में निमंत्रण वितरण का कार्य नगराधीश की देखरेख में किया जाएगा और यह सुनिश्चित किया जाए कि संबंधित अतिथि के पास निमंत्रण कार्ड समय पर पहुंचे विशेषकर मौजिज व्यक्तियों को अवश्य निमंत्रण दिया जाए। उन्होंने रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव को निर्देश दिए कि वे समारोह स्थल पर व्हील चेयर की व्यवस्था रखें ताकि दिव्यांगजन को समारोह में शामिल होने के लिए किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

बैठक में एडीसी डॉ राहुल रईया, एसडीएम करनाल देवेंद्र शर्मा, असंध के एसडीएम सुमित सिहाग, शुगर मिल एमडी अदिति, एसडीएम नीलोखेड़ी अशोक कुमार,  जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमित कुमार, डीडीपीओ कंचनलता, जिला शिक्षा अधिकारी रोहतास वर्मा सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *