कुरुक्षेत्र 04 अगस्त। हरियाणा कला परिषद द्वारा प्रदेश में कला और संस्कृति के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। जिसमें न केवल प्रतिष्ठित कलाकारों कों मंच प्रदान किया जा रहा है बल्कि उभरते कलाकारों को भी संस्कृति से जुड़ने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। इसी कड़ी में कला कीर्ति भवन में साप्ताहिक संध्या के दौरान 5 अगस्त को सांग धर्मदेवी नौबहार का मंचन किया जा रहा है। हरियाणा के प्रसिद्ध सांगी सूरजभान बेदी के निर्देशन में स्थानीय महिला कलाकारों द्वारा धर्म देवी नौबहार के किस्से का शाम 6 बजे मंचन किया जाएगा। यह जानकारी हरियाणा कला परिषद के उपाध्यक्ष महेश जोशी ने दी। उन्होंने बताया कि सांग हरियाणा की लोकनाट्य संस्कृति हैं। सांग प्राचीन समय से पुरुष कलाकारों द्वारा ही मंचित किया जाता रहा है। किंतु कुछ समय से महिलाओं द्वारा भी सांग मंचन में बढ़चढ़कर हिस्सा लिया जा रहा है। जिसके कारण कला कीर्ति भवन में भी महिलाओं के अभिनय से सजा सांग मंचन होगा। इस अवसर पर 48 कोस तीर्थ निगरानी समिति के अध्यक्ष रविंद्र सांगवान तथा जिला परिषद के उपाध्यक्ष धर्मपाल चौधरी अतिथियों के रूप में उपस्थित रहेंगे।
