पंचकूला के पंच कमल कार्यालय में प्रदेश के महापौरों व जिला परिषद चेयरमैन के साथ हुई महत्वपूर्ण चर्चा
संगठन की मजबूती और जनहित के मुद्दों पर सामूहिक प्रयासों को आगे बढ़ाने पर दिया जोर
करनाल। अखिल भारतीय महापौर परिषद की अध्यक्ष एवं करनाल की महापौर रेणु बाला गुप्ता ने बुधवार को पंचकूला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय ‘पंच कमल’ में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में सक्रिय सहभागिता की। बैठक में प्रदेश के विभिन्न नगर निकायों के महापौरों तथा जिला परिषद चेयरमैन ने हिस्सा लिया। इस दौरान संगठन को मजबूत करने, जनसेवा को और प्रभावी बनाने तथा विकास कार्यों को गति देने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस संदर्भ में महापौर ने अपना विस्तृत दृष्टिकोण भी प्रमुखता से अभिव्यक्त किया।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता की अपेक्षाओं और स्थानीय आवश्यकताओं को समझते हुए उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा करना भी उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक मार्गदर्शन और जनप्रतिनिधियों के सामूहिक अनुभवों से विकास की योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने के साथ जनसेवा के कार्यों में निरंतरता और पारदर्शिता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने जनप्रतिनिधियों को संगठन की नीतियों और जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन की आधारशिला कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के सक्रिय समन्वय से तैयार होती है। उन्होंने स्थानीय स्तर पर जनता से निरंतर संवाद बनाए रखने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
वहीं, संगठन मंत्री फणींद्रनाथ शर्मा ने संगठनात्मक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने तथा जनप्रतिनिधियों एवं संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के साथ जनसेवा की भावना को केंद्र में रखकर कार्य करने से जनता का विश्वास और अधिक मजबूत होता है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता के साथ जनहित के विषयों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन के वरिष्ठ नेतृत्व का मार्गदर्शन जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि सामूहिक विचार-विमर्श से स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली चुनौतियों और विकास से जुड़े विषयों के समाधान के लिए नए दृष्टिकोण सामने आते हैं। उन्होंने करनाल सहित प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में जनसुविधाओं को बेहतर बनाने और विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
आपसी अनुभव भी किए साझा
बैठक में प्रदेश महामंत्री वेद फूला, सत्यप्रकाश जरावता एवं गोपाल शर्मा सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे महापौर और जिला परिषद चेयरमैन उपस्थित रहे। बैठक के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों, जनसेवा तथा विकास कार्यों को लेकर आपसी अनुभव भी साझा किए गए।
