कुरुक्षेत्र। गीता मनीषी स्वामी श्री ज्ञानानंद जी महाराज के सानिध्य एवं आशीर्वाद से संचालित श्री कृष्ण कृपा गौशाला में गोवर्धन (गिरिराज) पूजा उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।
गीता मनीषी स्वामी श्री ज्ञानानंद जी महाराज ने अपने आर्शीवचन में गोवर्धन पूजा के धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गोवर्धन पूजा केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि यह हमें जीवन जीने की एक महत्वपूर्ण सीख प्रदान करती है। यह पर्व मनुष्य को अहंकार त्यागने, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने तथा जीवन में सेवा, समर्पण और विनम्रता का भाव अपनाने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन लीला के माध्यम से इंद्रदेव के अहंकार का निवारण कर समस्त संसार को यह संदेश दिया कि किसी भी व्यक्ति को अपने पद, प्रतिष्ठा, शक्ति अथवा सामर्थ्य का अहंकार नहीं करना चाहिए। मनुष्य के जीवन में विनम्रता और ईश्वर के प्रति समर्पण का भाव होना आवश्यक है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी अंगुली पर धारण करके ब्रजवासियों की रक्षा की और यह भी बताया कि भगवान सदैव अपने भक्तों के रक्षक एवं सहायक हैं।
गीता मनीषी ने गोवर्धन पूजा के माध्यम से प्रकृति के महत्व को समझाते हुए कहा कि पर्वत, नदियां, वन, जल, भूमि और गौवंश हमारे जीवन के आधार हैं। प्रकृति हमें जीवन के लिए आवश्यक संसाधन प्रदान करती है, इसलिए हमारा भी दायित्व है कि हम प्रकृति का सम्मान करें और उसके संरक्षण के लिए सदैव तत्पर रहें। भारतीय संस्कृति में प्रकृति को पूजनीय मानने की परंपरा इसी उच्च भावना का प्रतीक है।
स्वामी ज्ञानानंद ने गोसेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गौमाता का स्थान अत्यंत पूजनीय है। गौसेवा केवल धार्मिक कर्तव्य नहीं, बल्कि करुणा, संवेदना और मानवता की सेवा का भी माध्यम है। गौमाता की सेवा के माध्यम से मनुष्य में परोपकार, त्याग और समर्पण जैसे सद्गुणों का विकास होता है। गौशालाएं समाज में सेवा और संस्कारों की भावना को जीवंत बनाए रखने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं।
उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को प्रेरित किया कि वे गोवर्धन पूजा के वास्तविक संदेश को अपने जीवन में आत्मसात करें। केवल पर्व मनाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पर्वों के पीछे छिपे आदर्शों और शिक्षाओं को अपने व्यवहार में उतारना ही उनकी सार्थकता है। अहंकार से दूर रहकर सेवा, सहयोग, सद्भाव और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का भाव रखना ही गोवर्धन पूजा का वास्तविक संदेश है।
उत्सव के अंतर्गत सभी उपस्थित भक्तजनों ने श्रद्धापूर्वक गोवर्धन की परिक्रमा की तथा सामूहिक आरती में सम्मिलित होकर भगवान श्रीकृष्ण की वंदना की। इस अवसर पर जिओ गीता के प्रधान डॉ. ऋषिपाल, मंगत राम जिंदल, राजेंद्र चोपड़ा, सुनील वत्स, विजय बवेजा, राम कुमार शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, महेंद्र सिंह, डॉ. अवधेश यादव, रमाकांत शर्मा, मनीष खुराना, जय भगवान शर्मा, अशोक कुमार अरोड़ा, नवीन भारद्वाज, राजीव बंसल, जोगिंद्र शर्मा, धर्मपाल शर्मा, नरेश मोंगिया, सुनील शर्मा, सविता धवन, सविता वत्स सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन:- गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के सान्निध्य में श्री कृष्ण कृपा गोशाला में गोवर्धन पूजा उत्सव मनाते श्रद्धालु।
श्री कृष्ण कृपा गौशाला में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया गोवर्धन पूजा उत्सव
डॉ. राजेश वधवा
