कुरुक्षेत्र, 3 अगस्त : पर्यावरण संतुलन और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्री वैश्य अग्रवाल पंचायत के मार्गदर्शन में श्री अग्रसेन यूथ एसोसिएशन (साया) द्वारा सावन महीने में चलाए जा रहे पौधारोपण अभियान ने तेजी पकड़ ली है। संस्था के सदस्यों ने नगर के विभिन्न स्थानों पर पौधे लगाकर समाज को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
श्री अग्रसेन यूथ एसोसिएशन (साया) के प्रधान नवीन बंसल ने बताया कि श्री वैश्य अग्रवाल पंचायत के प्रधान विशाल सिंगला के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से इस अभियान के तहत न केवल बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जा रहा है, बल्कि आम जनमानस को जागरूक करने के लिए पौधों का वितरण भी किया जा रहा है। संस्था के पदाधिकारियों ने लोगों से आह्वान किया कि वे केवल पौधा लगाएं ही नहीं, बल्कि एक अभिभावक की तरह उसकी देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी निभाएं।
सोमवार को कार्यक्रम के अवसर पर श्री अग्रसेन यूथ एसोसिएशन (साया) द्वारा चलाए जा रहे पौधारोपण अभियान को आगे बढ़ाते हुए डा. अंशुल मंगला को पौधे भेंट किए गए तथा सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान देने का आह्वान किया गया।
श्री वैश्य अग्रवाल पंचायत व साया के सदस्यों ने कहा कि पेड़-पौधे हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे अनमोल उपहार हैं। आज बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए हर व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।
इसी के साथ श्री वैश्य अग्रवाल पंचायत के तत्वावधान में एवं प्रधान विशाल सिंगला की अध्यक्षता में समाज सेवा एवं जनकल्याण की दिशा में एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
समाजसेवी लाला रौनकी राम बंसल एवं स्वर्गीय गोपाली देवी बंसल की स्मृति में उनके सुपुत्र गौरव बंसल एवं अनुज बंसल द्वारा समाज की सेवा हेतु एक वाटर कूलर ब्रह्मा चौक पर जनसेवा को समर्पित किया गया।
इस अवसर पर श्री वैश्य अग्रवाल पंचायत के प्रधान विशाल सिंगला ने कहा कि समाज की सच्ची सेवा वही है, जिससे आमजन को प्रत्यक्ष लाभ मिले। जल सेवा और पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्य मानवता की सबसे बड़ी सेवा हैं तथा हमें ऐसे सेवा कार्यों में निरंतर बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।
इस अवसर पर प्रधान नवीन सिंगला, सुमित मित्तल, गौरव मित्तल, कुलवंत गर्ग, शुभम बंसल, अंकित गुप्ता सहित अनेक गणमान्य सदस्य मौजूद रहे।
