कुरुक्षेत्र, 13 जुलाई। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 17 जुलाई को कुरुक्षेत्र के नागरिकों को 2 बड़ी परियोजनाओं की सौगात देंगे। इन परियोजनाओं का 17 जुलाई को जींद से ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम हॉल में स्थानीय आयोजन होगा। इसमें सुबह 10 बजे हरियाणा कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा सोमवार को एनआईसी कार्यालय के सभागार में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विस्तार से जानकारी दे रहे थे। इससे पहले उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी को 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्चुअल माध्यम से किए जाने वाले रेलवे एलिवेटेड ट्रैक के उदघाटन और सिख संग्रहालय परियोजना के शिलान्यास के लिए की जाने वाली तैयारियों की विस्तार से जानकारी दी।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने 17 जुलाई को जींद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर संबंधित जिलों के अधिकारियों को तैयारियां करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र में रेलवे एलिवेटिड का उद्घाटन और सिख संग्रहालय की परियोजना का शिलान्यास किया जाएगा। इस कार्यक्रम को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आदेशानुसार कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम हॉल में किया जाएगा। इस कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय रहते पूरी करेंगे।
उपायुक्त ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम हॉल में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग मंत्री श्याम सिंह राणा व हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा शिरकत करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ऑनलाइन प्रणाली के साथ कुरुक्षेत्र में जुड़ेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से तैयारियां की जाएगी और विभागीय अधिकारियों की ड्यूटियां लगाई जाएंगी। इस मौके पर एसडीएम अमन कुमार, डीआईपीआरओ डॉ. नरेन्द्र सिंह उपस्थित थे।
