कुरुक्षेत्र, 13 जुलाई। एसडीएम अमन कुमार ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य 2026 के तहत गणना प्रपत्र भरकर 14 जुलाई तक बीएलओ को अवश्य दें, जो मतदाता इस अवधि तक बीएलओ को अपना फार्म जमा नहीं कराएंगे उनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं होगा और उसके लिए उन्हें बार-बार चुनाव कार्यालय के चक्कर काटने पड़ेंगे। उन्होंने अपील की कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार प्रशासन द्वारा मतदाता सूची के शुद्धिकरण का कार्य करवाया जा रहा है और इस कार्य में बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र भर कर डिजिटाइजेशन का कार्य कर रहे हैं। इस कार्य में मतदाताओं का सहयोग करने का आह्वान किया।
एसडीएम अमन कुमार सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित राजनैतिक दलों की बैठक में बोल रहे थे। इस बैठक में एसडीएम लाडवा अनुभव मेहता, एसडीएम शाहाबाद शंभू राठी, एसडीएम पिहोवा गुरविंद्र सिंह, चुनाव तहसीलदार संदीप कुमार भी मौजूद रहे। उन्होंने सभी राजनैतिक दलों को अपील करते हुए कहा कि वो अपने-अपने बीएलए के माध्यम से एन्यूमरेशन फार्म को 14 जुलाई तक जमा करवाएं।
एसडीएम अमन कुमार ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 को लेकर आम जनता की जागरूकता के लिए स्वीप कार्यक्रम चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मतदाता मोबाइल एप के माध्यम से भी अपना एन्यूमरेशन फॉर्म ऑनलाइन भर सकते हैं। इसके अतिरिक्त बुक ए कॉल सुविधा का उपयोग कर सीधे अपने बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक जानकारी एवं सहायता प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि जिला में 662694 मतदाता यानी 84.55 प्रतिशत आवेदन डिजिटाइजेशन हो चुका है। लाडवा विधानसभा में 89.97 प्रतिशत, शाहाबाद बाद 88.97 प्रतिशत, थानेसर विधानसभा में 74.69 प्रतिशत और पिहोवा विधानसभा में 86.50 प्रतिशत डिजिटाइजेशन हो चुका है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ की एएसडीडी सूची को उपलब्ध करवाया गया है। इन सूचियों में उन नामों को शामिल किया गया है, जिनका एन्यूमरेशन फॉर्म अभी डिजिटाइज नहीं किया हुआ है।
