बाबैन, 13 जुलाई राकेश शर्मा
अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ की सब यूनिट की एक महत्वपूर्ण बैठक बाबैन में आयोजित की गई। बैठक में अनुबंधित विद्युत कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और लंबे समय से लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। कर्मचारियों ने विभाग में कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं, सेवा सुरक्षा, समान कार्य के लिए समान वेतन, नियमितीकरण सहित अन्य मांगों को प्रमुखता से उठाया।
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रमेश कुमार ने की। उन्होंने कहा कि अनुबंधित कर्मचारी वर्षों से बिजली विभाग में अपनी सेवाएं पूरी निष्ठा और ईमानदारी से दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें कई मूलभूत सुविधाओं और अधिकारों से वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहा है और भविष्य में भी हर मुद्दे पर मजबूती से संघर्ष करता रहेगा।
रमेश कुमार ने कहा कि यदि कर्मचारियों की समस्याओं का समय रहते समाधान नहीं किया गया तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होगा। उन्होंने घोषणा करते हुए बताया कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर 17 जुलाई को अंबाला में प्रदेश के बिजली मंत्री अनिल विज का घेराव किया जाएगा। उन्होंने सभी अनुबंधित कर्मचारियों से इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी एकजुटता का परिचय देने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की आवाज को सरकार और विभाग तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए संगठन लगातार प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि कर्मचारियों की एकता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और इसी के बल पर उनकी मांगों को पूरा कराया जाएगा।
बैठक में जिला प्रेस सचिव सुनील सैनी, संजीव कुमार, अनिल कुमार, जसविंदर सिंह, सुशील कुमार, राम कुमार, कुलदीप जांगड़ा, लख्मीचंद तथा रितिक कंबोज सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने संगठन द्वारा लिए गए निर्णयों का समर्थन करते हुए आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
