कुरुक्षेत्र, 10 जुलाई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने शुक्रवार को सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सीडीओई) की नई वेबसाइट को लांच किया। यह पहल विश्वविद्यालय की डिजिटल अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने तथा शिक्षार्थी-केंद्रित सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि सीडीओई की नई वेबसाइट का शुभारंभ उच्च शिक्षा में डिजिटल परिवर्तन और अकादमिक पहुंच के विस्तार के प्रति विश्वविद्यालय की दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक आधारित यह मंच दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षार्थियों के लिए एक समग्र डिजिटल समाधान के रूप में कार्य करेगा, जिससे उन्हें अध्ययन, परीक्षा और अन्य शैक्षणिक सेवाओं से संबंधित जानकारी सहजता से प्राप्त हो सकेगी।
प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि नई वेबसाइट को आधुनिक डिज़ाइन, उपयोगकर्ता-अनुकूल इंटरफेस और सरल नेविगेशन के साथ विकसित किया गया है। इसमें विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न शैक्षणिक एवं सहायता अनुभाग जोड़े गए हैं, जिससे देश-विदेश में अध्ययनरत शिक्षार्थियों को आवश्यक सूचनाएं और सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (एनईपी-2020) के अनुरूप डिजिटल शिक्षण व्यवस्था को सशक्त बनाने तथा शैक्षणिक पारदर्शिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक उल्लेखनीय प्रयास है।
कुलसचिव प्रो. वीरेन्द्र पाल ने सीडीओई की नई वेबसाइट के लिए पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म विश्वविद्यालय की डिजिटल पहुंच को और अधिक सशक्त बनाएगा तथा विद्यार्थियों के लिए शिक्षण एवं अधिगम अनुभव को अधिक प्रभावी, सुगम और गुणवत्तापूर्ण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सीडीओई की निदेशक प्रो. मंजुला चौधरी ने कहा कि नई वेबसाइट विद्यार्थियों के लिए एक व्यापक डिजिटल पोर्टल के रूप में कार्य करेगी। इसके माध्यम से पाठ्यक्रमों की जानकारी, प्रवेश प्रक्रिया, पर्सनल कॉन्टैक्ट प्रोग्राम (पीसीपी) की समय-सारिणी, अध्ययन सामग्री, शिक्षार्थी सहायता सेवाएं, परीक्षा संबंधी सूचनाएं तथा अन्य महत्वपूर्ण अपडेट एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे। इससे विद्यार्थियों का समय बचेगा और उन्हें बेहतर शैक्षणिक अनुभव प्राप्त होगा।
प्रो. मंजुला चौधरी ने बताया कि वर्तमान में सीडीओई से 22 हजार से अधिक शिक्षार्थी जुड़े हुए हैं। ऐसे में नई वेबसाइट का शुभारंभ डिजिटल पहुंच, शैक्षणिक सहयोग और विद्यार्थी सेवाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाला परिवर्तनकारी कदम साबित होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह उन्नत मंच विद्यार्थियों को अधिक दक्ष, पारदर्शी और त्वरित सेवाएं प्रदान करेगा तथा भारत ही नहीं, विदेशों में अध्ययनरत शिक्षार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. वीरेन्द्र पाल, प्रो. प्रदीप कुमार, लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया, डॉ. दीपक शर्मा मौजूद रहे।
