कुरुक्षेत्र, 10 जुलाई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में आईआईएचएस संस्थान द्वारा बी.कॉम प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए आयोजित पहली काउंसलिंग में विद्यार्थियों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। संस्थान की प्राचार्या प्रो. रीटा ने बताया कि संस्थान द्वारा जारी मेरिट कटऑफ सूची के अनुसार सामान्य वर्ग में प्रवेश के लिए मेरिट 99.8 प्रतिशत तक पहुंच गई, जो इस पाठ्यक्रम की लोकप्रियता और विद्यार्थियों के बढ़ते रुझान को दर्शाती है। उच्च मेरिट के कारण अनेक मेधावी विद्यार्थियों के बीच सीटों के लिए कड़ा मुकाबला रहा।
प्रो. रीटा ने बताया कि ओपन जनरल श्रेणी में कटऑफ 99.8 प्रतिशत रही, जबकि हरियाणा जनरल श्रेणी में यह 95.8 प्रतिशत दर्ज की गई। इसी प्रकार एआई/हरियाणा ईडब्ल्यूएस श्रेणी में प्रवेश के लिए 93.2 प्रतिशत अंक तक मेरिट पहुंची। आरक्षित वर्गों में ओबीसी श्रेणी की कट ऑफ 87.6 प्रतिशत तथा डीएससी श्रेणी की कट ऑफ 84.6 प्रतिशत रही। इसके अलावा बीसी-ए श्रेणी में 91.0 प्रतिशत तथा बीसी-बी श्रेणी में 89.0 प्रतिशत अंक तक मेरिट सूची जारी की गई।
लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों ने अपने आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन करवाया तथा निर्धारित समय के अनुसार काउंसलिंग में भाग लिया। पहली काउंसलिंग शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि वाणिज्य एवं प्रबंधन क्षेत्र में बढ़ते रोजगार अवसरों के कारण बी.कॉम पाठ्यक्रम की मांग लगातार बढ़ रही है। यही कारण है कि इस वर्ष भी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने बी.कॉम में प्रवेश के लिए आवेदन किया। उच्च मेरिट यह संकेत देती है कि विद्यार्थियों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने के प्रति जागरूकता बढ़ी है। इस अवसर पर प्रो. विवेक चावला, प्रो. नवनीत बहल, प्रो. अनुपमा मौजूद रहे।
