इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने बताया कि राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। विश्वविद्यालय को हाल ही में एनआईआरएफ रैंकिंग में 35वां स्थान प्राप्त हुआ है। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय शिक्षा नीति -2020) को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए विश्वविद्यालय को प्रतिष्ठित प्लेटिनम अवार्ड से भी सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, कौशल विकास तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि नैक से ए++ ग्रेड प्राप्त कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय शिक्षा, शोध एवं अनुसंधान, विज्ञान, खेल तथा सांस्कृतिक गतिविधियों सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वविद्यालय की निरंतर प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद विश्वविद्यालय को सदैव मिलता रहेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय भविष्य में भी उत्कृष्टता की नई मिसाल स्थापित करेगा।
कुरुक्षेत्र, 19 जून। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न स्नातकोत्तर, व्यावसायिक एवं विशेष पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। 18 जून 2026 तक विभिन्न पीजी प्रोग्राम्स की कुल 3,276 सीटों के लिए 8,039 आवेदन प्राप्त हुए जो यह दर्शाता है कि विश्वविद्यालय के गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक सुविधाओं तथा रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों के प्रति विद्यार्थियों का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है।
लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (एमसीए) में 120 सीटों के मुकाबले 593 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जो सर्वाधिक हैं। इसी प्रकार एमबीए (बजटेड) में 565, एलएलबी. (प्रोफेशनल) में 575 तथा एमबीए (सेल्फ फाइनेंस) में 325 आवेदन प्राप्त हुए हैं। एम.ए. अंग्रेजी के लिए 307, एम.ए. मनोविज्ञान के लिए 289, एम.ए. राजनीति विज्ञान के लिए 265 तथा एम.एससी. जूलॉजी के लिए 256 आवेदन प्राप्त हुए हैं। विज्ञान संकाय के पाठ्यक्रमों में भी विद्यार्थियों ने विशेष रुचि दिखाई है। एम.एससी. रसायन विज्ञान के लिए 274, एम.एससी. भूगोल के लिए 203, एम.एससी. बॉटनी के लिए 199, एम.एससी. भौतिकी के लिए 182 तथा एम.एससी. कंप्यूटर साइंस (सॉफ्टवेयर) के लिए 169 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं एम.एससी. बायोटेक्नोलॉजी में 165 तथा एम.एससी. फॉरेंसिक साइंस में 116 आवेदन आए हैं।
प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि शिक्षा एवं खेल से जुड़े पाठ्यक्रमों में भी अच्छी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। बी.पी.एड. में 50 सीटों के लिए 167 आवेदन तथा एम.पी.एड. में 40 सीटों के लिए 142 आवेदन प्राप्त हुए हैं। विशेष शिक्षा (दृष्टिबाधित) से संबंधित बी.एड. पाठ्यक्रम के लिए 232 आवेदन प्राप्त हुए हैं। मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान विषयों में एम.ए. इतिहास के लिए 160, एम.ए. अर्थशास्त्र के लिए 125, एम.ए. जनसंचार एवं पत्रकारिता के लिए 56, एम.ए. हिंदी के लिए 70 तथा एम.ए. लोक प्रशासन के लिए 72 तथा मास्टर ऑफ सोशल वर्क के लिए 70 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के अनुरूप पाठ्यक्रम, अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं, उद्योगों से जुड़ी प्रशिक्षण व्यवस्थाएं तथा रोजगारपरक कार्यक्रम विद्यार्थियों को आकर्षित कर रहे हैं। विशेष रूप से व्यावसायिक, प्रबंधन, विधि और सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़े पाठ्यक्रमों में आवेदन संख्या इस बात का संकेत है कि विद्यार्थी रोजगारोन्मुखी शिक्षा को प्राथमिकता दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध और नवाचार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कुरुक्षेत्र, 19 जून। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने शोध समिति और परीक्षकों के बोर्ड की अनुशंसा पर 12 शोधार्थियों को पीएचडी उपाधि के लिए पात्र घोषित किया है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. अंकेश्वर प्रकाश ने बताया कि पीएचडी डिग्री के लिए पात्र घोषित किए गए शोधार्थियों में अंग्रेजी से पूजा देवी, कामर्स से मिर्जा अहमद इब्राहिमी, मैनेजमेंट से ट्विंकल, बायो-केमिस्ट्री से सलीम खान, बायो-टेक्नोलॉजी से विधि गर्ग, अप्लाईड जियोफिजिक्स से इंदु बाला तथा प्रियंका, अर्थशास्त्र से विनय कुमार तथा अलका, मनोविज्ञान से कुलदीप, मुकेश कुमार तथा रीना सैनी शामिल है।
कुरुक्षेत्र, 19 जून। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन एंड मीडिया टेक्नोलॉजी (आईएमसी एंड एमटी) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बी.एससी. मल्टीमीडिया पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। आनलाईन आवेदन करने की अंतिम तिथि 21 जून निर्धारित की गई है।
मीडिया संस्थान के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि बी.एससी. मल्टीमीडिया पाठ्यक्रम में मीडिया, वीडियो प्रोडक्शन, ग्राफिक्स डिजाइनिंग, एनीमेशन, डिजिटल कंटेंट क्रिएशन, फोटोग्राफी तथा आधुनिक संचार तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। इस पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए किसी भी संकाय से 10+2 में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक होना आवश्यक है। पाठ्यक्रम में कुल 60 सीटें उपलब्ध हैं। आईएमसी एंड एमटी में विद्यार्थियों को अत्याधुनिक मीडिया लैब, आधुनिक सॉफ्टवेयर एवं उपकरणों के साथ प्रशिक्षण, अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन तथा उद्योग जगत से जुड़ी परियोजनाओं पर कार्य करने का अवसर मिलता है। विभाग का उद्देश्य विद्यार्थियों को मीडिया एवं डिजिटल उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बनाना है।
प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि इच्छुक विद्यार्थी विश्वविद्यालय के ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। मीडिया, डिजिटल कंटेंट, फिल्म निर्माण, ग्राफिक्स एवं क्रिएटिव इंडस्ट्री में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए यह पाठ्यक्रम बेहतर अवसर प्रदान करता है।
