करनाल 19 जून,         नगर निगम करनाल द्वारा शुक्रवार को स्थानीय पंचायत भवन में दूसरी वार्ड कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार ने की, जबकि मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी श्रुति मिश्रा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। बैठक में विभिन्न वार्डों के वार्ड कमेटी अध्यक्ष, सदस्य एवं सचिव उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य वार्ड कमेटियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026, शिकायत निवारण प्रणाली (ई-समाधान ऐप) तथा स्वच्छता संबंधी विषयों पर प्रशिक्षित एवं जागरूक करना था। इस दौरान विषय विशेषज्ञों द्वारा विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 की दी गई जानकारी।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान वार्ड कमेटियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा इन नियमों की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। नियमों के तहत स्रोत स्तर पर कचरे का पृथक्करण सबसे महत्वपूर्ण पहलू है।
बताया गया कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार कम से कम चार प्रकार के कूड़ेदानों (हरा, नीला, लाल एवं काला) का उपयोग अनिवार्य किया गया है, ताकि विभिन्न प्रकार के अपशिष्ट का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा सके। नगर निगम करनाल पहले से ही पांच प्रकार के कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने और उसका पृथक्करण सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चला रहा है। वर्तमान में निगम क्षेत्र के लगभग 7 से 8 वार्डों में गीले एवं सूखे कचरे को स्रोत स्तर पर ही अलग-अलग एकत्रित किया जा रहा है, जिससे कचरा प्रबंधन व्यवस्था अधिक प्रभावी बन रही है।
ई-समाधान ऐप से ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई।
बैठक में शिकायत निवारण प्रणाली ई-समाधान ऐप के उपयोग संबंधी प्रशिक्षण भी दिया गया। वार्ड कमेटी सदस्यों को बताया गया कि इस ऐप के माध्यम से नागरिक विभिन्न नगर सेवाओं से जुड़ी शिकायतें ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। ऐप में 13 प्रमुख श्रेणियां तथा उनकी उप-श्रेणियां निर्धारित की गई हैं।
इसके माध्यम से साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, सीवरेज, बरसाती पानी की निकासी, जलापूर्ति, संपत्ति कर आई.डी., नाला सफाई सहित अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित शिकायतें दर्ज कर उनका ऑनलाइन निस्तारण ट्रैक किया जा सकता है। अधिकारियों ने वार्ड कमेटियों से आग्रह किया कि वे नागरिकों को भी इस डिजिटल सुविधा के उपयोग के लिए प्रेरित करें। इस दौरान मौजूद वार्ड कमेटी सदस्यों से उनके मोबाईल् फोन में ई-समाधान एप डाउनलोड भी करवाई गई।
सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों पर किया गया जागरूक।
बैठक में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को पूरी तरह बंद करने पर विशेष बल दिया गया। उपस्थित सदस्यों को बताया गया कि प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग मानव स्वास्थ्य, पर्यावरण तथा पशुओं के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। प्लास्टिक कचरे के कारण भूमि, जल स्रोत एवं प्राकृतिक संसाधन प्रभावित होते हैं, जिससे पर्यावरणीय संतुलन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार ने कहा कि वार्ड कमेटियां नगर निगम और आमजन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान, कचरा पृथक्करण तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए वार्ड कमेटियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपने घर से ही गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग देना शुरू कर दे तो शहर की स्वच्छता व्यवस्था में बड़ा सुधार लाया जा सकता है। उन्होंने वार्ड कमेटी सदस्यों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों की जानकारी दें तथा सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग बंद करने के लिए प्रेरित करें।
मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी श्रुति मिश्रा ने कहा कि नागरिक सहभागिता के बिना किसी भी जनकल्याणकारी योजना या अभियान को सफल नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर शहर के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वार्ड कमेटियां अपने क्षेत्र में लोगों को ई-समाधान ऐप, स्वच्छता गतिविधियों तथा कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूक करें ताकि नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों के उपयोग से शिकायतों का समाधान अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से किया जा सकता है।
जन जागरूकता अभियान को मिलेगा बल।
बैठक के अंत में वार्ड कमेटियों के सदस्यों से अपील की गई कि वे अपने-अपने वार्डों में घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता, कचरा पृथक्करण, पर्यावरण संरक्षण तथा सिंगल यूज़ प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करें। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि वार्ड कमेटियों की सक्रिय भागीदारी से नगर निगम करनाल के स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने के प्रयासों को और अधिक मजबूती मिलेगी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *