कुरुक्षेत्र, 19 जून। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि जिला में 810 बीएलओ 783831 मतदाताओं की लिस्ट अपडेट करने की प्रक्रिया में जुटे हुए हैं। सभी 810 बूथों पर विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य करने में बीएलओ को तेज गति से कार्य करने के निर्देश दिए हैं। सभी 783831 मतदाताओं के एन्यूमरेशन फार्म प्रिंट होने के साथ-साथ वितरित भी किए जा रहे हैं। अभी तक 453014 मतदाओं को एन्यूमरेशन फार्म प्राप्त हो चुके हैं।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा लघु सचिवालय के एनआईसी के वीसी हॉल में वीडियो कांफ्रेंस में बोल रहे थे। इससे पहले मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए श्रीनिवास ने वीडियो कांफ्रेंस में प्रदेश के सभी उपायुक्तों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि पुनरीक्षण कार्य पूरी पारदर्शिता एवं निर्धारित समयावधि में पूरा किया जाए ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं का सत्यापन सुनिश्चित करें तथा नए मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष प्रयास करें। इसके साथ ही मृत, स्थानांतरित एवं अपात्र मतदाताओं का विवरण भी सही ढंग से अद्यतन किया जाए।
