कुरुक्षेत्र, 18 जून। जिला नगर आयुक्त अमन कुमार ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर परिषद के कर्मचारी और अधिकारी और विशेष तौर पर सफाई कर्मचारी एक्टिव मोड में आकर काम कर रहे है। यह कर्मचारी जहां अलग-अलग जगहों पर जाकर गंदगी को उठा रहे है, वहीं लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी कर रहे है।
डीएमसी अमन कुमार ने नगर परिषद थानेसर के साथ-साथ सभी नगरपालिकाओं के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण के दौरान शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना है। इसके लिए कुरुक्षेत्र जिले के हर वार्ड में जाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाए। इस शहर को स्वच्छ बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को संकल्प लेकर स्वच्छता के प्रति अपने नैतिक कर्तव्य का पालन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा के प्रयास है कि कुरुक्षेत्र को प्रदेश का सबसे स्वच्छ शहर बनाया जाए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का भी लक्ष्य है कि धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाया जाए। यह लक्ष्य और उद्देश्य तभी पूर्ण होगा जब समाज के प्रत्येक नागरिक का सहयोग मिलेगा। यह तभी संभव हो पाएगा जब प्रत्येक नागरिक कचरे को डस्टबिन में ही डालेंगे और घरों के कचरे को सडक़ों और गलियों में नहीं फकेंंगे।
डीएमसी ने कहा कि नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी राजेश ढांडा के नेतृत्व में थानेसर शहर में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है और कर्मचारी प्रशासन की गाइडलाइन के अनुसार शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का काम कर रहे है। इन कर्मचारियों ने ब्रह्मसरोवर के आस पास वाले क्षेत्र व डीडी कॉलोनी व शहर की मुख्य सडक़ों पर सफाई की और गंदगी के ढेर को उठाकर डंपिंग स्थल तक पहुंचाया।
