– लगभग 800 करोड़ रुपये की लागत से 22 एकड़ में बना भव्य शहीद स्मारक
– 700 से अधिक वीर बलिदानियों के नाम स्वर्णिम अक्षरों में किए गए हैं अंकित
– गांधी ग्राउंड में विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री
– आधुनिक तकनीक, 360 डिग्री प्रोजेक्शन और लेजर-साउंड शो के माध्यम से जीवंत होगी 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की वीरगाथा
– ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान
– आने वाली पीढय़िों के लिए राष्ट्रभक्ति, इतिहास और प्रेरणा का केंद्र बनेगा शहीद स्मारक
– हरियाणा और अंबाला के लिए गौरवशाली एवं ऐतिहासिक अवसर
अम्बाला, 4 नवंबर।
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री असीम गोयल ने कहा कि 5 नवंबर का दिन अंबाला सहित पूरे हरियाणा के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होगा। इस दिन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री माननीय श्री अमित शाह अंबाला छावनी में 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के वीर बलिदानियों की स्मृति में निर्मित भव्य शहीद स्मारक का लोकार्पण करेंगे। उन्होंने कहा कि यह केवल एक स्मारक का उद्घाटन नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले उन ज्ञात-अज्ञात वीरों के प्रति राष्ट्र की कृतज्ञता और श्रद्धांजलि व्यक्त करने का ऐतिहासिक अवसर है। प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया संपर्क प्रमुख श्री प्रवीन आत्रेय, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी श्री शमशेर सिंह खरक, मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा, जिला मीडिया प्रभारी साहिल कक्कड़ व अर्पित अग्रवाल  उपस्थित रहे।

असीम गोयल ने कहा कि 1857 का प्रथम स्वतंत्रता संग्राम भारतीय इतिहास का एक गौरवशाली और निर्णायक अध्याय है। अंबाला छावनी और आसपास के क्षेत्र ने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। दुर्भाग्यवश, आजादी के संघर्ष में अनेक ऐसे क्रांतिकारी और वीर सैनिक रहे, जिन्हें इतिहास में वह पहचान नहीं मिल सकी, जिसके वे वास्तविक अधिकारी थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की गौरवशाली विरासत को सहेजने और ज्ञात-अज्ञात राष्ट्रनायकों को उचित सम्मान देने का जो संकल्प लिया गया है, अंबाला का यह शहीद स्मारक उसी राष्ट्रवादी सोच और संवेदनशील दृष्टिकोण का सशक्त प्रतीक है।

पूर्व मंत्री ने बताया कि लगभग 800 करोड़ रुपये की लागत से करीब 22 एकड़ क्षेत्र में निर्मित यह भव्य स्मारक हरियाणा की ऐतिहासिक धरोहर के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाएगा। स्मारक में 1857 के स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े 700 से अधिक वीर बलिदानियों के नाम स्वर्णिम अक्षरों में अंकित किए गए हैं। यह उन वीरों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है, जिनके त्याग, संघर्ष और बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सम्मान और स्वाभिमान के साथ जीवन जी रहे हैं।

आधुनिक तकनीक से जीवंत होगी आजादी की वीरगाथा
असीम गोयल ने कहा कि इस स्मारक की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां आधुनिक तकनीक के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम की गाथा को जीवंत किया गया है। डिजिटल प्रस्तुतियों, 360 डिग्री प्रोजेक्शन, लेजर एवं साउंड शो सहित आधुनिक तकनीकी माध्यमों से देश की आजादी के संघर्ष को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे युवा पीढ़ी इतिहास को केवल पुस्तकों में पढ़ेगी ही नहीं, बल्कि उसे प्रत्यक्ष रूप से अनुभव भी कर सकेगी। यह स्मारक विद्यार्थियों, युवाओं, शोधकर्ताओं और इतिहास प्रेमियों के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक एवं प्रेरणादायी केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, ऐतिहासिक स्थलों के संवर्धन और राष्ट्रनायकों के सम्मान को भी विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। अंबाला का शहीद स्मारक इसी दूरदर्शी सोच का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह स्मारक एक महत्वपूर्ण संदेश देता है कि राष्ट्र का इतिहास केवल कुछ प्रसिद्ध नामों तक सीमित नहीं है, बल्कि आजादी की लड़ाई में योगदान देने वाला प्रत्येक ज्ञात-अज्ञात वीर राष्ट्र के सम्मान और कृतज्ञता का अधिकारी है।

जनसभा को लेकर कार्यकर्ताओं और आमजन में उत्साह
पूर्व मंत्री ने बताया कि शहीद स्मारक के लोकार्पण के बाद केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह अंबाला के गांधी ग्राउंड में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके आगमन को लेकर पूरे प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन में विशेष उत्साह है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन शहीदों के सम्मान के साथ-साथ राष्ट्रभक्ति, सामाजिक एकजुटता और हरियाणा के गौरव का भी प्रतीक बनेगा।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, कैबिनेट मंत्री अनिल विज तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के मार्गदर्शन में कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने अंबाला पहुंचकर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, विभिन्न सरकारी विभागों और भाजपा संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है। कार्यक्रम में सुरक्षा, यातायात और आमजन की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। असीम गोयल ने नागरिकों से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी यातायात और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए इस ऐतिहासिक आयोजन में सहभागी बनें।
पर्यटन, शिक्षा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मिलेगी नई गति
उन्होंने कहा कि शहीद स्मारक भविष्य में अंबाला के पर्यटन विकास का एक प्रमुख केंद्र बनेगा। देशभर से विद्यार्थी, पर्यटक, शोधकर्ता और इतिहास प्रेमी यहां पहुंचेंगे, जिससे स्थानीय व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की संभावना है। असीम गोयल ने प्रदेश के नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं से 5 नवंबर के इस ऐतिहासिक आयोजन में बढ़-चढक़र भाग लेने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि अंबाला की धरती पर निर्मित यह शहीद स्मारक आने वाली पीढय़िों को सदैव याद दिलाता रहेगा कि स्वतंत्रता हमें असंख्य वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान से मिली है। जिस राष्ट्र को अपने वीरों के बलिदान और गौरवशाली इतिहास पर गर्व होता है, वही राष्ट्र अपने वर्तमान को मजबूत और भविष्य को और अधिक उज्ज्वल बनाता है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *