करनाल, 20 मई।  उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि भारत सरकार द्वारा 1 जून से जल संचय जनभागीदारी 3.0 अभियान शुरू किया जा रहा है। यह अभियान भावी पीढिय़ों के लिए जल सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। इस अभियान के प्रभावी कार्यान्वयन से जिले के भू-जल स्तर में सुधार लाया जा सकेगा। इस अभियान की सफलता के लिए सभी संबंधित विभाग एक्शन प्लान तैयार करें ताकि अभियान को सफल बनाया जा सके।
उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में जल संचय जनभागीदारी 3.0 की तैयारियों की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे रहे थे। उन्होंने सीईओ जिला परिषद और सभी बीडीपीओ को निर्देश दिए कि हर गांव और पंचायत स्तर पर जल संरक्षण ढांचे बनाए जाएं और उनकी प्रगति को तुरंत पोर्टल पर अपलोड किया जाए। उन्होंने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारी को निर्देश दिए कि सेक्टरों में उचित स्थान चिह्नित कर वहां जल संरक्षण संरचनाएं विकसित करें।
बैठक में उपायुक्त ने सिंचाई विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि विभागीय कार्यालय और जहां भी विकास कार्य चल रहे हैं, वहां भी जल संरक्षण ढांचे बनवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि स्कूलों में वर्षा जल संचयन और संरक्षण के ढांचे तैयार किए जाएं। उन्होंने वन विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि वन विभाग के क्षेत्र व स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट्स के तहत निर्माणाधीन क्षेत्रों में जल संरक्षण ढांचे अनिवार्य रूप से बनाए जाएं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारी को सभी सरकारी कार्यालयों के परिसर में जल संरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में एडीसी डॉ. राहुल रईया, एसीयूटी शैलेंद्र सोहम, सीईओ जिला परिषद अमित कुमार, डीडीपीओ कंचनलता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व बीडीपीओ मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *