-प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में लाडवा में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित
कुरुक्षेत्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76 वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में संजय गांधी मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, लाडवा में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान के मार्गदर्शन में श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय की टीम ने शिविर में करीब 160 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की तथा उन्हें निशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां वितरित कीं। इससे पहले तीन दिवसीय यज्ञ में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज, कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान, आयुर्वेदिक अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक प्रो. राजा सिंगला, कार्यक्रम आयोजक एवं विद्यालय के प्रधान पवन गर्ग सहित अन्य गणमान्य लोगों ने पूर्णाहुति डाली। आचार्य मोहन लाल और आचार्य विक्रमादित्य ने वैदिक मंत्रों का उच्चारण किया।
स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज ने कहा कि स्वस्थ समाज ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर सेवा और जनकल्याण की भावना का सराहनीय उदाहरण है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद स्वस्थ जीवनशैली और निरोगी जीवन के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान करता है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहते हुए समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवानी चाहिए।
कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान ने कहा कि श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय का उद्देश्य आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से लोगों की जांच करने के साथ उन्हें रोगों से बचाव, उचित खान-पान और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा भविष्य में भी जनहित में इस प्रकार के स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम आयोजक एवं विद्यालय के प्रधान पवन गर्ग ने कहा कि लोगों को उनके नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से शिविर आयोजित किया गया। उन्होंने श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि करीब 160 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें निशुल्क औषधियां उपलब्ध करवाना सराहनीय पहल है। ऐसे शिविर आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और समय पर उपचार प्राप्त करने में मददगार साबित होते हैं।
शिविर में डॉ. विवेक राणा, डॉ. शंभूदयाल, डॉ. पूजा आर्य और डॉ. प्रियंका सहित आयुष विश्वविद्यालय की टीम ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच की तथा उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के अनुसार आवश्यक परामर्श एवं आयुर्वेदिक औषधियां प्रदान कीं।
इस अवसर पर हवन में विद्यालय के सह-सचिव एवं मुख्य यजमान नरेंद्र सिंघल, खजांची जितेंद्र सिंह गिल, रेखा गर्ग, राजन कंसल, प्रधानाचार्य नरेंद्र शर्मा, डॉ. कुशल पाल, आईजीएन कॉलेज लाडवा के प्राचार्य, ओम प्रकाश गर्ग मेमोरियल पब्लिक स्कूल बाबैन के प्रधानाचार्य सुरेश सैनी, पंडित राम कुमार शास्त्री, बाबू राम पूर्व सरपंच धनोरा, प्रदीप सहगल, धीरज वालिया, अग्रवाल महिला सभा की अध्यक्ष पूनम सिंघल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *