कुरुक्षेत्र, 13 मई।  आगामी 21 जून को मनाए जाने वाले ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ को लेकर जिले भर में उत्साह का माहौल है। प्रशासन और विभिन्न विभागों द्वारा योग को जन-आंदोलन बनाने के लिए जिलेभर में निरंतर योग गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को स्थानीय पुलिस लाइन में पुलिस जवानों के लिए एक विशेष योग प्रोटोकॉल सत्र का आयोजन किया गया।

जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्र मोहन के आदेशानुसार पुलिस लाइन में ऑफिसर निरीक्षक राम पाल की अगुवाई में करीब 45 मिनट तक चले प्रोटोकॉल योगाभ्यास में पुलिस कर्मचारियों ने योग क्रियाएँ की।  इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस कर्मियों को योग के प्रति जागरूक करना और उन्हें कठिन ड्यूटी के बीच मानसिक व शारीरिक रूप से फिट रखना है। पुलिस लाइन में आयुष विभाग के विशेष सहयोग से आयोजित इस सत्र में काफी संख्या में पुलिस बल ने भाग लिया। इस दौरान आयुष विभाग के योग सहायक रोहतास कुमार, राय सिंह, रजत कुमार और दीक्षा ने जवानों को आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित ‘कॉमन योग प्रोटोकॉल’ का चरणबद्ध प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान जवानों को ताड़ासन, वृक्षासन के साथ-साथ विभिन्न प्राणायामों जैसे कपालभाति और अनुलोम-विलोम का अभ्यास करवाया गया। योग सहायकों ने बताया कि पुलिस की ड्यूटी अत्यंत चुनौतीपूर्ण और तनावपूर्ण होती है। ऐसे में नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को लचीला बनाता है, बल्कि एकाग्रता बढ़ाने और मानसिक शांति प्रदान करने में भी रामबाण सिद्ध होता है। पुलिस लाइन में आयोजित इस अभ्यास सत्र के अंत में सभी जवानों ने योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और समाज को निरोग रहने का संदेश देने का संकल्प लिया।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *