ज़िले के कुल 8 आईएएस में से 6 महिलाएं, एक-एक महिला एचसीएस और एचपीएस भी तैनात
अम्बाला की डिस्ट्रिक्ट और सेशंस जज सहित जिले में कुल 10 महिला न्यायिक अधिकारी
अम्बाला शहर – गत रविवार 9 अक्टूबर देर शाम हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव के अंतर्गत आने वाले कार्मिक विभाग द्वारा प्रदेश के एक दर्जन आईएएस और एचसीएस अधिकारियों के किये गए तबादलों में अम्बाला ज़िले के नारायणगढ़ उपमंडल में तीन सप्ताह पूर्व इसी सितम्बर माह में ही तैनात 2016 बैच की एचसीएस अधिकारी अदिति का तबादला कर उन्हें प्रदेश सरकार की उत्कर्ष सोसाइटी की सचिव एवं सीईओ तैनात किया गया है.
अदिति के स्थान पर 2020 बैच की आईएएस अधिकारी सी. जयाशरधा ज़िले के नारायणगढ़ उपमंडल की नई एसडीएम होंगी. वह मूल रूप से तमिलनाडु से हैं एवं वर्ष 2019-2020 की यूपीएससी सिविल सर्विस परीक्षा उत्तीर्ण करने के पश्चात एवं हरियाणा आईएएस कैडर में शामिल होने के बाद सर्वप्रथम कुरुक्षेत्र जिले में बतौर अस्सिटेंट कमिश्नर (अंडर ट्रेनिंग ) तैनात रह चुकी हैं.
इसी बीच शहर निवासी पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के एडवोकेट हेमंत कुमार ने बताया कि सी. जयाशरधा के पति शांतनु शर्मा वर्तमान में कुरूक्षेत्र जिले के डीसी तैनात हैं. शांतनु, जो 2015 बैच के आईएएस हैं, उनका जयाशरधा से विवाह कारण गत वर्ष अक्टूबर, 2021 में असम-मेघालय आईएएस कैडर से हरियाणा आईएएस कैडर में इंटर-कैडर (एक प्रदेश कैडर से दूसरे प्रदेश कैडर में ) ट्रांसफर किया गया था.
बहरहाल, उन्होंने आगे बताया कि नारायणगढ़ के उपमंडलाधीश पद पर आईएएस जयाशरधा की तैनाती के बाद अम्बाला जिला प्रशासन में अब कुल 8 आईएएस अधिकारी हो गए है. नारायणगढ़ सब डिवीजन के अतिरिक्त अम्बाला कैंट उपमंडल के मौजूदा एसडीएम डॉ. बलप्रीत सिंह भी आईएएस अधिकारी हैं जो 2019 बैच के हैं.
हेमंत ने बताया कि उपरोक्त दो आईएएस के अलावा ज़िले में 6 आईएएस और हैं. अम्बाला मंडल की कमिश्नर 2003 बैच की आईएएस रेणु फुलिया, जिनके अधीन अंबाला के अतिरिक्त पंचकूला,कुरूक्षेत्र और यमुनानगर जिले भी आते है, अंबाला ज़िले की डीसी 2012 बैच की आईएएस डॉ. प्रियंका सोनी, ज़िले के एडीसी 2018 बैच के आईएएस सचिन गुप्ता, नगर निगम की कमिश्नर और जिला नगर आयुक्त 2015 बैच की आईएएस नेहा सिंह , 2013 बैच की आईएएस प्रतिमा चौधरी जो अतिरिक्त कंट्रोलर, सिविल डिफेन्स अंबाला तैनात है और 2021 बैच की नव नियुक्त आईएएस निशा जो अंबाला जिले में बतौर अस्सिटेंट कमिश्नर (अंडर ट्रेनिंग ) तैनात है. अर्थात अब ज़िले में कुल 8 आईएएस अधिकारियों में से 6 महिलाएं हैं.
इनके साथ ही 2011 बैच की महिला एचसीएस (हरियाणा सिविल सेवा ) अधिकारी कमलप्रीत कौर को गत माह से अंबाला जिला परिषद और डी.आर.डी.ए. के सीईओ पद पर तैनात हैं. ज़िले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी ) के पद पर तैनात पूजा डाबला भी महिला एचपीएस (हरियाणा पुलिस सेवा ) अधिकारी है.
वहीं हेमंत ने बताया कि अम्बाला की जिला और मजिस्ट्रेट अदालतों में भी डिस्ट्रिक्ट और सेशंस जज नीरजा कुलवंत कलसन, जो सितम्बर, 2020 से इस पद पर तैनात है, सहित कुल 10 महिला जज है जिनमें अतिरिक्त जिला और सेशंस जज ( एडीजे) रैंक में जिला अदालत में आरती सिंह और फॅमिली कोर्ट में अतिरिक्त प्रिंसिपल जज के तौर पर गुरविंदर कौर और इंडस्ट्रियल ट्रिब्यूनल कम लेबर कोर्ट में अनुपमिश मोदी शामिल हैं. इनके अलावा जिले में सीजेएम रैंक में जिला लीगल सर्विसेज अथारिटी की सचिव सुखदा प्रीतम और तीन सिविल जज कम प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट नीलम कुमारी, वंदना और रवनीत शामिल हैं. नारायणगढ़ उप-मंडल में स्थित कोर्ट में एडीशनल सिविल जज ( सीनियर डिवीजन) के तौर पर सुमित्रा कादियान और सिविल जज ( जूनियर डिवीजन) के तौर पर मोनिका जांगड़ा तैनात हैं.
