कुरुक्षेत्र, 19 अक्टूबर। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के गुरु गोबिंद सिंह चेयर द्वारा 22 और 23 अक्टूबर, 2026 को श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के व्यक्तित्व, बाणी एवं विरासत विषय पर दो दिवसीय बहुविषयक अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में आयोजित होने वाली यह संगोष्ठी श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के ज्योति जोत दिवस की 318वीं वर्षगांठ तथा श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के गुरुगद्दी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रही है। संगोष्ठी का उद्देश्य श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के जीवन, दर्शन, साहित्यिक योगदान, आध्यात्मिक दृष्टिकोण और उनकी चिरस्थायी विरासत पर अकादमिक विमर्श को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम का आयोजन हाइब्रिड मोड में किया जाएगा।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा इस संगोष्ठी के मुख्य संरक्षक तथा कुलसचिव लेफ्टिनेंट प्रो. वीरेंद्र पाल सिंह संरक्षक हैं। डॉ. धर्मबीर संगोष्ठी के संयोजक, डॉ. हरविंदर सिंह लोंगोवाल सह-संयोजक तथा डॉ. गुरप्रीत सिंह साहुवाला आयोजन सचिव हैं। डॉ. कुलदीप कुमार समन्वयक, जबकि डॉ. देविंदर बिबिपुरिया और डॉ. प्रवेश कुमार सह-समन्वयक की भूमिका निभाएंगे।
डॉ. धर्मबीर ने बताया कि संगोष्ठी के पहले दिन 22 अक्टूबर को उद्घाटन सत्र में  कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा मुख्य अतिथि होंगे तथा हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय, धर्मशाला के पूर्व कुलपति प्रो. कुलदीप चंद अग्निहोत्री कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। पंजाबी विश्वविद्यालय, पटियाला के प्रो. हरविंदर सिंह भट्टी मुख्य वक्ता होंगे। इस अवसर पर कुलसचिव लेफ्टिनेंट प्रो. वीरेंद्र पाल सिंह, डॉ. प्रीतम सिंह और डॉ. राजेश श्योराण विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि दो दिनों के दौरान आयोजित तकनीकी सत्रों में विभिन्न विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के विद्वान अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। इनमें श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की विचारधारा, बाणी, साहित्यिक योगदान और सामाजिक एवं आध्यात्मिक विरासत से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी। 23 अक्टूबर को समापन सत्र में कुलसचिव लेफ्टिनेंट प्रो. वीरेंद्र पाल सिंह मुख्य अतिथि होंगे। प्रो. हरिसिमरन सिंह रंधावा समापन भाषण देंगे, जबकि प्रो. जतिंदर शर्मा, डॉ. एम.के. बहल और डॉ. सुदर्शन गासो विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। विश्वविद्यालय का यह शैक्षणिक आयोजन श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के जीवन और शिक्षाओं पर शोधपरक संवाद को बढ़ावा देने के साथ-साथ उनकी महान विरासत को व्यापक स्तर पर समझने का अवसर प्रदान करेगा।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *