कुरुक्षेत्र, 19 अक्टूबर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर कुरुक्षेत्र पुलिस ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन ने सभी थाना प्रभारियों और पुलिस चौकी इंचार्जों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा जुआ खेलने और अवैध शराब की बिक्री एवं सप्लाई के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन ने कहा कि त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी सतर्कता, जिम्मेदारी और मुस्तैदी से ड्यूटी करें, ताकि नागरिक शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मना सकें। किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए हैं कि त्योहारों की आड़ में कानून व्यवस्था बिगाड़ने, जुआ खेलने तथा अवैध रूप से शराब बेचने और पिलाने जैसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर कड़ी नजर रखी जाए। पुलिस की टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में जुआ खेलने के संभावित ठिकानों, ढाबों, खाली प्लॉटों और संदिग्ध शराब विक्रेताओं की नियमित जांच करेंगी। इसके साथ ही बीट स्टाफ और मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखकर ऐसी गतिविधियों की सूचनाएं जुटाई जाएंगी। एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जुआ खेलने या अवैध शराब की बिक्री एवं सप्लाई के संबंध में सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाए।
कुरुक्षेत्र पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे त्योहारों को शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं। यदि कहीं जुआ खेलने, अवैध शराब की बिक्री या किसी अन्य संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले, तो पुलिस को सूचित करें। पुलिस आमजन की सुरक्षा और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
