प्रधानमंत्री राष्ट्र के नवनिर्माण के प्रति समर्पित: जगमोहन आनंद
पीएम के जन्म दिवस व विश्वकर्मा जयंती की दी शुभकामनाएं
करनाल, 17 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस तथा सार्वजनिक जीवन व जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आज यहां सेक्टर 7 के सामुदायिक केंद्र में निशुल्क सहायक उपकरण वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इसमें स्थानीय विधायक जगमोहन आनंद ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। केंद्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्रालय की राष्ट्रीय वयोश्री एवं एडिप योजना के तहत मुख्य अतिथि ने 35 लाख रुपये के सहायक उपकरण दिव्यांगों एवं वरिष्ठ नागरिकों को वितरित किए। कार्यक्रम जिला प्रशासन व रेडक्रॉस सोसायटी के सहयोग से आयोजित किया गया।
इस मौके पर विधायक जगमोहन आनंद ने दिव्यांगों व वरिष्ठ नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि आज पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। उनके राजनीतिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने ईमानदारी व अंत्योदय की भावना से रोज 18-18 घंटे खुद को राष्ट्र के नवनिर्माण के लिए समर्पित किया है। श्री मोदी के नेतृत्व में विश्व में भारत का डंका बज रहा है। उन्होंने श्री मोदी के स्वस्थ जीवन व लंबी आयु की कामना की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए हर नागरिक को सहयोग करना चाहिए। विधायक ने इस मौके पर लोगों को विश्वकर्मा जयंती की भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आज 35 दिव्यांगों को मोटराइज्ड ई रिक्शा, 150 को नी ब्रेस, कमर की बेल्ट व स्टिक, 70 बुजुर्गों को कानों की मशीन, 50 को व्हील चेयर, 5 को बैसाखी, 15 को फोल्डेबल वॉकर, 2 को ब्लाइंड स्टिक व 2 को टीएलपी किट वितरित की। ये उपकरण भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) कानपुर की ओर से उपलब्ध कराए गए हैं।
इस मौके पर जिला रेडक्रॉस सचिव कुलबीर मलिक ने मुख्य अतिथि व अन्य कार्यक्रम में पहुंचे वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन जन कल्याणकारी योजनाओं को फायदा पंक्ति में सबसे पीछे खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए वचनबद्ध है। इस मौके पर एलिम्का से राजेश, रितिका, गुरदीप, पूर्व पार्षद मुकेश अरोड़ा आदि मौजूद रहे।
