कुरुक्षेत्र, 3 अगस्त : देशभर में संचालित श्री जयराम संस्थाओं के परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी की प्रेरणा से ब्रह्मसरोवर के तट पर श्री जयराम विद्यापीठ में स्थित श्री रामेश्वर महादेव मंदिर में सावन महीने का निरंतर भगवान शिव पूजन एवं अभिषेक चल रहा है।
सावन का पहला सोमवार होने के कारण दूर दूर से श्रद्धालु पूजन एवं अभिषेक के लिए विद्यापीठ में पहुंचे। इस अवसर पर यजमान रामगोपाल शर्मा ने सहपरिवार पूजन और अभिषेक किया। सावन पूजन में श्रद्धालुओं की आस्था देखते ही बनती है। उल्लेखनीय है कि विद्यापीठ के श्री रामेश्वर महादेव मंदिर में विश्व का दुर्लभ पार्थिव शिवलिंग भी स्थापित है जिस पर श्रद्धालुओं ने पूजन के उपरांत मनोकामना के साथ आरती की।
जयराम संस्कृत महाविद्यालय के प्राचार्य रणबीर भारद्वाज ने बताया कि भगवान भोलेनाथ के पवित्र महीने सावन में सोमवार को पूजन व रुद्राभिषेक का विशेष महत्व है। भगवान भोलेनाथ हर समय ही अपने भक्तों पर कृपा बनाए रखते हैं और थोड़ी सी भक्ति में ही अपने भक्तों से प्रसन्न हो जाते हैं। सावन में इसका महत्व और भी बढ़ जाता है क्योंकि सावन का महीना भगवान शंकर का अति प्रिय माना जाता है। इस अवसर केके कौशिक, खरैती लाल सिंगला, सुरेंद्र गुप्ता, टेक सिंह लौहार माजरा, राजेश सिंगला, केसी रंगा, यशपाल राणा, सतबीर कौशिक व रोहित कौशिक इत्यादि भी मौजूद रहे।
