कुरुक्षेत्र, 3 अगस्त : अग्रवाल वैश्य समाज हरियाणा द्वारा संगठन को प्रदेश के प्रत्येक जिले, विधानसभा एवं गांव स्तर तक और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे संगठन संवाद कार्यक्रम की श्रृंखला के अंतर्गत कुरुक्षेत्र, कैथल एवं करनाल जिलों का संयुक्त संवाद कार्यक्रम 9 अगस्त को सायं 3:00 बजे जिमखाना क्लब, कुरुक्षेत्र में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के आयोजन के लिए हुई बैठक में समाज के प्रदेश महासचिव राजेश सिंगला ने कहा कि इस महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम में तीनों जिलों के सभी प्रमुख पदाधिकारी एक मंच पर एकत्रित होकर संगठन की वर्तमान गतिविधियों की समीक्षा के साथ-साथ भविष्य की कार्ययोजना, संगठनात्मक विस्तार तथा समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार पूर्वक विचार-विमर्श करेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में समाज के प्रदेशाध्यक्ष अशोक बुवानीवाला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उनके साथ तीनों जिलों के प्रभारी प्रदीप अग्रवाल एवं सहप्रभारी विकास गोयल विशेष रूप से उपस्थित रहकर संगठनात्मक विषयों पर पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करेंगे तथा आगामी कार्यों की रूपरेखा प्रस्तुत करेंगे।
प्रदेश महासचिव राजेश सिंगला ने कहा कि संगठन संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य केवल बैठक आयोजित करना नहीं, बल्कि प्रत्येक पदाधिकारी को उसके दायित्वों के प्रति अधिक जागरूक, उत्तरदायी एवं सक्रिय बनाना है। उन्होंने कहा कि संगठन तभी मजबूत होगा जब प्रत्येक कार्यकर्ता समाज सेवा की भावना के साथ अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करेगा। उन्होंने बताया कि बैठक में संगठन की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी एवं परिणाम मुखी बनाने, जिला, विधानसभा एवं प्रकोष्ठ स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करने, सदस्यता अभियान को गति देने, महिला एवं युवा इकाइयों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने, समाजहित के सेवा कार्यों का विस्तार करने तथा सामाजिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों को नई दिशा देने पर व्यापक चर्चा होगी। इसके अतिरिक्त आगामी प्रदेश स्तरीय कार्यक्रमों एवं विभिन्न सामाजिक अभियानों की रूपरेखा भी तैयार की जाएगी।
जिलाध्यक्ष अशोक गर्ग ने कहा कि संगठन संवाद कार्यक्रम से जिले के सभी पदाधिकारियों को एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने तथा संगठन को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही समाज के हितों की प्रभावी ढंग से रक्षा कर सकता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से सक्रिय सहभागिता निभाने तथा संगठन की मजबूती के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
थानेसर विधानसभा अध्यक्ष सौरभ गर्ग ने कहा कि विधानसभा स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक मंडल एवं वार्ड स्तर तक संपर्क अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन संवाद कार्यक्रम नई कार्ययोजना तैयार करने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेगा तथा समाज को एकजुट करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
युवा विधानसभा अध्यक्ष शिवांग गर्ग ने कहा कि युवा शक्ति किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत होती है। उन्होंने कहा कि समाज के अधिकाधिक युवाओं को संगठन से जोड़कर उन्हें सामाजिक, शैक्षणिक एवं सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा और नई सोच से संगठन को और अधिक गति तथा मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम आयोजन के लिए बैठक अवसर पर मुनीष मित्तल, अशोक गर्ग, रमेश गर्ग, निशि गुप्ता, रेखा गर्ग, सुमित गर्ग हिन्दुस्तानी, श्रीकांत बंसल, नवीन गोयल, संजीव गर्ग, रजनीश गुप्ता, बी.बी. जिंदल, सौरभ गर्ग, शिवांग गर्ग, आकाश गुप्ता, मुकेश मित्तल, साहिल मंगला, विपिन गर्ग, मुकेश गर्ग, प्रमोद गुप्ता, अमन बंसल, अंकुर गर्ग, अभिषेक सिंगला, पवन जिंदल, रमेश गुप्ता, दीपक गुप्ता, देवराज, सज्जन मित्तल, राजेश गुप्ता, शुभम गर्ग, विशाल गर्ग, वीरेन्द्र जिंदल, साहिल गर्ग, विशाल गोयल तथा अमित बंसल सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाज के गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
