करनाल, 3 अगस्त। भारत सरकार के महानिदेशक अग्निशमन सेवाएं, सिविल डिफेंस एवं होम गार्ड द्वारा जारी निर्देशों तथा महा आदेशक गृह रक्षी एवं निदेशक नागरिक सुरक्षा, हरियाणा, चंडीगढ़ के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिला करनाल में मंगलवार, 4 अगस्त को प्रातः 11:00 बजे मिनी सचिवालय, सेक्टर-12 स्थित डीआरओ कार्यालय की नई बिल्डिंग में सिविल डिफेंस मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया जाएगा।
उपायुक्त डॉ आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि इस अभ्यास का उद्देश्य किसी भी आपदा अथवा हवाई हमले जैसी आपात स्थिति में विभिन्न विभागों की तत्परता, समन्वय एवं त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण करना तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ऐसी परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए तैयार करना है।
उन्होंने बताया कि मॉक एक्सरसाइज के दौरान हवाई हमले की पूर्व चेतावनी प्रणाली एवं चेतावनी सायरन बजाने का अभ्यास, निर्धारित क्षेत्रों में बिजली बंद कर ब्लैकआउट की प्रक्रिया का अभ्यास, नागरिकों एवं कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों तथा निर्धारित आश्रय स्थलों तक पहुंचाने की कार्यवाही, खोज एवं बचाव अभियान, प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराना तथा क्षतिग्रस्त भवन से लोगों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास किया जाएगा। इसके अतिरिक्त घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था का भी प्रदर्शन किया जाएगा। अभ्यास की समाप्ति पर सब सुरक्षित (ऑल क्लियर) सायरन भी बजाया जाएगा।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने विभाग से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति के साथ-साथ आवश्यक संसाधनों एवं उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें, ताकि मॉक एक्सरसाइज का सफल एवं प्रभावी संचालन किया जा सके।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभ्यास आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
