कुरुक्षेत्र 14 जुलाई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा पंचकुला से प्रारम्भ किये गए स्वच्छता से स्वागत अभियान के अंतर्गत हरियाणा कला परिषद की ओर से भी एक विशेष और अनुकरणीय पहल की गई है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल दिशा-निर्देशों का अनुसरण करते हुए, हरियाणा कला परिषद के उपाध्यक्ष महेश जोशी के नेतृत्व में कुरुक्षेत्र स्थित कला कीर्ति भवन परिसर में एक व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान की खास बात यह रही कि उपाध्यक्ष महेश जोशी ने खुद झाड़ू थामकर न केवल श्रमदान किया, बल्कि सभी कर्मचारियों के साथ मिलकर परिसर के कोने-कोने को स्वच्छ बनाने में अग्रसर रहे। अभियान के दौरान उपाध्यक्ष महेश जोशी ने उपस्थित सभी कर्मचारियों को स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के सपने और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के स्वच्छ हरियाणा, स्वस्थ हरियाणा के संकल्प को पूरा करना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आगे कहा, कला कीर्ति भवन संस्कृति और कला का केंद्र है। ऐसे पावन स्थान का स्वच्छ और सुंदर होना बेहद जरूरी है। हमारे इस प्रयास का उद्देश्य केवल एक दिन की सफाई नहीं, बल्कि हर कर्मचारी के भीतर स्वच्छता के प्रति जवाबदेही और एक संस्कार पैदा करने का भी प्रयास है। कर्मचारियों में भी इस मौके पर भारी उत्साह दिखा। उपाध्यक्ष को खुद ग्राउंड पर सफाई करते देख परिषद के कर्मचारियों का उत्साह दोगुना हो गया। अभियान के तहत कला कीर्ति भवन के मुख्य परिसर, कार्यालय कक्षों और गलियारों की गहन सफाई की गई। पुराने और अनुपयोगी सामान व फाइलों को व्यवस्थित किया गया। सफाई अभियान के दौरान सभी कर्मचारियों ने भविष्य में भी अपने कार्यस्थल और आसपास के वातावरण को पूरी तरह स्वच्छ, प्लास्टिक-मुक्त और सुंदर बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया। इस मौके पर हरियाणा कला परिषद कार्यालय प्रभारी धर्मपाल गुगलानी, ललित कला समन्वयक सीमा काम्बोज, विकास शर्मा, आकाश, देवीदत्त, राजेश कुमार, सपना सहित सभी कर्मचारी मौजूद रहे।
