कुरुक्षेत्र, 14 जुलाई। हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि शहरों और गांवों को स्वच्छ बनाने के लिए हर व्यक्ति को संकल्प लेने की जरूरत है। इस अभियान में जब प्रत्येक व्यक्ति अपनी पूरी भावना के साथ जुड़ेंगे तभी महौल्ला, शहर और प्रदेश को स्वच्छ बनाया जा सकेगा। इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को जींद आगमन को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आदेशानुसार विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 13 जुलाई को पंचकूला से की है।
पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा मंगलवार को नए लघु सचिवालय के पास नगर परिषद थानेसर की तरफ से आयोजित विशेष स्वच्छता अभियान के शुभारंभ अवसर पर कार्यकर्ताओं से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के कार्यकारी वाइस चेयरमैन सुभाष चंद्र, भाजपा के जिला अध्यक्ष रमेश सैनी, डीएमसी अमन कुमार, ईओ राजेश कुमार,भाजपा नेता मलकीत ढांडा, एमसी संजीव सिकरी, जिला टास्क फोर्स के सदस्य अवनी गुप्ता, सुनील वर्मा, संजीव मित्तल, सुरेश कश्यप,सुरेन्द्र व बलबीर सूद आदि ने नए लघु सचिवालय व सर्किट हाउस के पास वाले क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान में अपना श्रमदान दिया।
पूर्व राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद में सुबह 10 बजे पहुंचेंगे और प्रदेशवासियों को अनेक बड़ी परियोजनाओं की सौगात देंगे। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर हरियाणा में खुशी और जश्न का माहौल है। इसी विषय को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विशेष स्वच्छता अभियान का आगाज किया है। इस विशेष स्वच्छता अभियान के साथ हर वर्ग के व्यक्ति को जोड़ने का आह्वान किया गया है। मुख्यमंत्री के आदेशानुसार ही धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर ही विशेष स्वच्छता अभियान की शुरूआत की गई है। इस अभियान में हर व्यक्ति के श्रमदान की आवश्यकता रहेगी।
कार्यकारी वाइस चेयरमैन सुभाष चंद्र ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आदेशानुसार हरियाणा प्रदेश के हर जिले में विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया गया है। इस धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र में स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा का विशेष योगदान रहेगा। इस मिशन के साथ जुड़े टास्क फोर्स के सदस्य घर घर और मोहल्ले में जाकर लोगों को विशेष स्वच्छता अभियान के प्रति जागरूक करेंगे तथा लोगों को इस अभियान के साथ जोड़कर हर मोहल्ले को स्वच्छ बनाने का प्रयास करेंगे। इस विशेष स्वच्छता अभियान को लेकर नगर परिषद और नगर पालिकाओं के अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए गए है कि अपने अपने अधीनस्थ क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाकर मोहल्ले और शहर को पूर्णतः स्वच्छ बनाएंगे।
