कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी कुरुक्षेत्र स्थित प्रसिद्ध दुखभंजन महादेव मंदिर में मंगलवार को श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान जी की विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर मंदिर परिसर में हवन यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित कर विश्व शांति, परिवार की खुशहाली और जनकल्याण की प्रार्थना की।
पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंजता रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हनुमान जी के चरणों में माथा टेककर अपने परिवार के सुख, समृद्धि और संकटों से मुक्ति की कामना की। हनुमान चालीसा और जयकारों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
इस अवसर पर बजरंगी सरदार कुलवंत सिंह भट्टी ने कहा कि भगवान हनुमान संकटमोचन हैं और अपने भक्तों के सभी कष्टों का निवारण करते हैं। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति सच्ची श्रद्धा, विश्वास और समर्पण भाव से हनुमान जी की आराधना करता है, उस पर उनकी विशेष कृपा बनी रहती है। हनुमान भक्ति से व्यक्ति के जीवन में साहस, आत्मविश्वास, सकारात्मक ऊर्जा और धर्म के प्रति आस्था का संचार होता है।
हवन यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर कुलवंत सिंह भट्टी, दर्शन पाहवा, पंडित सुशील शास्त्री प्रदीप तिवारी, सुरेश अरोड़ा, एच.के. पाल, ज्ञान चंद पराशर, सुनील वधवा, टिंकू शर्मा, श्याम लाल, चंद्रिका, सुदेश धीमान, डॉ. सत्य नारायण शर्मा, ललित लाली, हर्षित मिगलानी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
