करनाल, 13 जुलाई। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष एवं घरौंडा के विधायक हरविन्द्र कल्याण ने सोमवार को अपने प्रस्तावित दौरे के अनुसार गांव लालुपुरा में करीब साढ़े 41 लाख रुपये की लागत के दो विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास करके ग्रामीणों को बड़ी सौगात दी। इनमें अनुमानित 20 लाख 38 हजार रुपये की लागत से महिला चौपाल का शिलान्यास तथा  21 लाख रुपये की लागत से गंदे पानी की निकासी के लिए बने नाले का उद्घाटन शामिल है।
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण का गांव के सरपंच ओमबीर व पूर्व सरपंच विकास सहित ग्रामीणों ने पुष्प गुच्छ व फूल मालाओं के साथ स्वागत किया और हरविन्द्र कल्याण ने इस अभिनंदन के लिए ग्रामीणों का आभार जताया तथा विकास कार्यों के लिए बधाई दी। मीडिया के सवाल के जवाब में हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब-जब हरियाणा के दौरे पर आए, प्रदेश की जनता को बड़ी सौगात देकर गए और अब 17 जुलाई को भी पीएम मोदी जींद आ रहे हैं, देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत भी हरियाणा से कर रहे हैं। यह प्रदेश की जनता के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि पिछले दौरे के दौरान ग्राम पंचायत व ग्रामीणों ने गांव के विकास के लिए कुछ कार्य बताए थे। इनमें से 2-3 पूरे हो गए हैं, फिरनी मंजूर हो गई है, सडक़ें अच्छी बनीं हैं तथा शेष कार्यो को भी जल्द ही पूरा करवाया जाएगा। उन्होंने यह भी स्मरण कराया कि पिछले वर्षों के दौरान लालुपुरा में बाढ़ की स्थिति बन गई थी लेकिन प्रशासन की सतर्कता व ग्रामीणों के सहयोग से उस स्थिति पर नियंत्रण पाया गया और लोगों के जान-माल की रक्षा व सुरक्षा हो पाई। उन्होंने कहा कि अतीत के अनुभव को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष एडवांस में ही बाढ़ बचाव के कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर पूरा करवाया जा रहा है। फिर भी लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि महिला चौपाल की मांग के पूरा होने से अब महिलाएं इस चौपाल में सत्संग व अन्य सामाजिक व धार्मिक कार्यक्रम आयोजित कर सकेंगीं। इसके अलावा स्वयं सहायता समूह की महिलाएं भी इसमें अपनी बैठकें करके स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं का लाभ उठा सकेंगीं। उन्होंने यह भी कहा कि जिस गांव, परिवार व समाज में महिलाओं की इज्जत होती है वही आगे बढ़ते हैं। महिला चौपाल का निर्माण भी महिलाओं के सम्मान की दिशा में हरियाणा सरकार का एक बड़ा कदम है। उनका प्रयास है कि घरौंडा विधानसभा क्षेत्र के हर गांव में महिला चौपाल का निर्माण करवाया जाए। इनमें से अधिकांश गांवों में महिला चौपाल बन चुकी हैं, शेष गांवों में भी महिला चौपाल का कार्य इन पांच वर्षो में पूरा करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब समय बदल रहा है परिवार की आर्थिक मजबूती के लिए सभी को काम करने की जरूरत है। अब इस कार्य में महिलाएं पुरूषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों का काम पढ़ाई करना है और पढ़ाई करके अपनी नौकरी या स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ना है। इतना ही नहीं पढ़ाई के कारण कृषि की आधुनिक तकनीकों का भी लाभ उठाया जा सकता है।
हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में अनेक योजनाएं लागू की हैं। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को बढ़ावा दिया है। उन्होंने बताया कि जिला की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के प्रशिक्षण के लिए घरौंडा में प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करवाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि देश तब तरक्की करेगा जब हर वर्ग आगे बढ़ेगा। इसलिए पीएम नरेंद्र मोदी ने हर वर्ग की भलाई के लिए जन कल्याणकारी योजनाएं एवं विकासात्मक परियोजनाएं बनाकर देश को आगे बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री रहते हुए व्यवस्था परिवर्तन करने का काम किया और इसी कार्य को अब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले एमएलए, मंत्रियों के बच्चों को बड़ी-बड़ी सरकारी नौकरियां मिलती थीं लेकिन अब योग्यता के आधार पर गरीब के बच्चों को भी बड़े प्रशासनिक पदों पर नौकरियों बिना पर्चीं बिना खर्ची के मिल रही है। व्यवस्था परिवर्तन के कारण ही ऑनलाइन सभी सेवाओं का जनता को घर बैठे पूरी पारदर्शिता के साथ लाभ मिल रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने गांव लालुपुरा में इस मौके पर लोगों की समस्याएं भी सुनी और समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम राजेश सोनी, डीएसपी मनोज, बीडीपीओ मोनिका, पंचायती राज के इंजीनियर सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *