करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने सोमवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी के करनाल आगमन पर उनका आत्मीय स्वागत एवं हार्दिक अभिनंदन किया। इस अवसर पर महापौर ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका सम्मान किया। साथ ही महिलाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सौहार्दपूर्ण चर्चा की।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण समाज की प्रगति का आधार है। महिलाओं को समान अवसर उपलब्ध करवाने तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सभी संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों को मिलकर प्रभावी प्रयास करने होंगे। हरियाणा राज्य महिला आयोग इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं। आवश्यकता है कि उन्हें सुरक्षित, सम्मानजनक और प्रोत्साहनपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी और अधिक प्रभावी भागीदारी निभा सकें।
महापौर ने विश्वास व्यक्त किया कि उषा प्रियदर्शी के नेतृत्व में हरियाणा राज्य महिला आयोग महिलाओं के अधिकारों की रक्षा, उनके सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने आयोग के सफल, यशस्वी एवं जनकल्याणकारी कार्यकाल के लिए हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
इस अवसर पर हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी ने महापौर रेणु बाला गुप्ता द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत और सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के हितों, अधिकारों और कल्याण के लिए आयोग निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए महिला सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर संवाद और सहयोग आवश्यक है। उन्होंने उषा प्रियदर्शी के सशक्त नेतृत्व में महिला आयोग की जनहितकारी पहलों के लिए शुभकामनाएं दीं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *