संग्राम सिंह बने मैन ऑफ द सीरीज, खिलाड़ियों पर बरसे लाखों के पुरस्कार और शानदार उपहार
कुरुक्षेत्र, 22 जून। समाना बहु क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित ड्रीम टेनिस क्रिकेट लीग (DTCL) नॉर्थ ज़ोन सीजन-2 का शनिवार को शानदार और यादगार समापन हुआ। 16 जून से 21 जून तक चले इस बहुप्रतीक्षित टूर्नामेंट में हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश की कुल 12 टीमों ने हिस्सा लेकर रोमांचक मुकाबलों का प्रदर्शन किया।
फाइनल मुकाबले में शिवम कंप्यूटर्स राजस्थान ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 21 लाख रुपये की इनामी राशि प्रदान की गई, जबकि उपविजेता रेड डेविल्स को 11 लाख रुपये का पुरस्कार मिला। टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी संग्राम सिंह को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया और उन्हें निसान कार देकर सम्मानित किया गया।
फाइनल मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए करण शेखावत को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं अंकित तिवारी को बेस्ट कैच ऑफ द टूर्नामेंट, विक्की कुमार को बेस्ट 35+ परफॉर्मिंग प्लेयर, आमिर सोहेल को बेस्ट फील्डर, यश चुघ को बेस्ट अंडर-19 इमर्जिंग प्लेयर, संग्राम सिंह को बेस्ट बॉलर एवं ऑलराउंडर ऑफ द टूर्नामेंट तथा गौरव (चाचा वॉरियर्स) को बेस्ट बैट्समैन ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार प्रदान किया गया।
छह दिनों तक चले इस टूर्नामेंट ने उत्तर भारत के टेनिस क्रिकेट खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच उपलब्ध कराया। हर मुकाबले में खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना और प्रतिस्पर्धात्मक प्रदर्शन का परिचय दिया, जिससे दर्शकों का उत्साह अंतिम दिन तक बना रहा।
ड्रीम टेनिस क्रिकेट लीग के संस्थापक रवि गाबा और विनय हरिपुर ने बताया कि लीग का मुख्य उद्देश्य टेनिस क्रिकेट को नई पहचान दिलाना और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि आगामी वर्षों में इस प्रतियोगिता को और अधिक बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
समापन समारोह में आयोजक मंडल के सदस्य रवि गाबा, सोमनाथ गाबा, विनय कम्बोज, गोबिंद कालड़ा, विजय पांचाल, राहुल शर्मा (सोशल मीडिया इंचार्ज, शाहाबाद), प्रवीन पांचाल, रिंकू हथीरा, चेतन शर्मा, भूपिंद्र गोयत, प्रदीप संगरोहा, राजू हथीरा, धर्मवीर, डैनी मंडी और नीरज नोच सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
