वरिष्ठ नागरिक सरकारी खर्चे पर प्रमुख तीर्थ स्थलों की कर रहे हैं निशुल्क यात्रा: जगमोहन आनंद
करनाल, 22 जून। विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना चलाई जा रही है। इसके तहत 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को देशभर के प्रमुख तीर्थ स्थलों की निशुल्क यात्रा करवाई जा रही है। सरकार द्वारा यात्रा, भोजन और आवास का पूरा खर्च उठाया जाता है। यह हरियाणा सरकार की एक अनूठी पहल है।
विधायक ने बताया कि इस योजना के तहत मुख्य तीर्थ स्थलों में अयोध्या, वाराणसी, सोमनाथ, श्री हजूर साहिब (नांदेड़), पटना साहिब, पुष्कर, वैष्णो देवी, शिरडी और उज्जैन आदि शामिल है। तीर्थ यात्रा भ्रमण के दौरान 80 वर्ष से अधिक आयु के नागरिक अपने साथ एक अटेंडेंट ले जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश भर से वरिष्ठ श्रद्धालुओं को महाकुंभ, अयोध्या में स्थापित श्री राम मंदिर, बिहार में पटना साहिब, श्री हजूर साहिब (नांदेड़) और हाल ही में गुजरात में सोमनाथ मंदिर के निशुल्क दर्शन करवाए जा चुके हैं। इनमें करनाल के भी सैकड़ों श्रद्धालु शामिल रहे।
योजना में यह है खास
विधायक जगमोहन आनंद ने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत विशेष ट्रेनों और बसों के माध्यम से यात्रा कराई जाती है। यात्रा के लिए रेल का 3 एसी का टिकट, यात्रा के दौरान खाना, ठहरना और स्थानीय परिवहन का सारा खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाता है।
ये होनी चाहिए पात्रता
विधायक जगमोहन आनंद ने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत आवेदन के लिए आवेदक हरियाणा का स्थायी निवासी होना चाहिए। आवेदक के पास परिवार पहचान पत्र होना चाहिए। आयु 60 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए। परिवार की सालाना आय 1.80 लाख रुपए से कम होनी चाहिए। परिवार इस योजना का लाभ हर तीन साल में केवल एक बार उठा सकता है।
मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना का लाभ उठाने के लिए सरल पोर्टल पर करें आवेदन
विधायक जगमोहन आनंद ने बताया कि इच्छुक और पात्र वरिष्ठ नागरिक आधिकारिक सरल हरियाणा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। इसके अलावा इसका माई स्कीम मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना (MyScheme Mukhyamantri Tirth Yatra Yojana) पेज बना हुआ है। उस पर विस्तार से दिशा-निर्देश जारी किए हुए हैं।
