करनाल 18 जून, केंद्र सरकार के 12 सफल वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर निगम कार्यालय के सभागार में प्रचार अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के जिला अध्यक्ष प्रवीण लाठर ने की। इस अवसर पर अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार, पार्षद संकल्प भंडारी तथा मनोनीत पार्षद गौरव नागपाल भी उपस्थित रहे।
बैठक में विभिन्न गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ), रेसिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों, मार्केट एसोसिएशनों, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारियों तथा प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकासात्मक नीतियों और उपलब्धियों की जानकारी समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाना तथा जनभागीदारी को बढ़ावा देना रहा।
बैठक के दौरान केंद्र एवं हरियाणा सरकार द्वारा पिछले 12 वर्षों में किए गए विकास कार्यों, कल्याणकारी योजनाओं तथा आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लागू की गई विभिन्न पहलों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने बताया कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा जागरूक नागरिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस दौरान सामाजिक जागरूकता, जनसहभागिता, पारदर्शी प्रशासन, सुशासन तथा समग्र विकास जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित प्रतिनिधियों ने सरकार की विभिन्न योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और पात्र लाभार्थियों को उनका लाभ दिलाने के लिए सहयोग का आश्वासन दिया।
भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीण लाठर ने अपने संबोधन में केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियों, जनहितकारी योजनाओं तथा विकासोन्मुख नीतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में देश ने आधारभूत संरचना, सामाजिक सुरक्षा, डिजिटल सेवाओं, स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा गरीब कल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक विकास का लाभ पहुंचाना और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करना है।
उन्होंने उपस्थित प्रबुद्धजनों से आह्वान किया कि वे सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं एवं नीतियों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके। उन्होंने कहा कि जागरूक समाज ही विकास की मजबूत नींव रखता है और इसमें सामाजिक संगठनों की महत्वपूर्ण भागीदारी आवश्यक है।
जिला स्तरीय सम्मेलन में 20 जून को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल करेंगे शिरकत, प्रबुद्धजनों को दिया आमंत्रण- इस अवसर पर जिला अध्यक्ष प्रवीण लाठर ने जानकारी दी कि आगामी 20 जून को कल्पना चावला राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय, करनाल में जिला स्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजन, सामाजिक प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी भाग लेंगे, जो केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों, नीतियों और योजनाओं पर अपने विचार रखेंगे।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन का आयोजन सायं 6 बजे से 8 बजे तक किया जाएगा। जिला अध्यक्ष ने सभी प्रबुद्धजनों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को सम्मेलन में शामिल होने का आमंत्रण देते हुए कहा कि यह एक ऐसा मंच होगा जहां नागरिक सीधे अपने सुझाव एवं विचार केंद्रीय मंत्री के समक्ष रख सकेंगे। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेकर राष्टï्र निर्माण के सहभागी बनने का आह्वान किया।
