लाडवा, 18 जून। एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी बीएलओ की जानकारी, नाम व मोबाइल नंबर सहित ईसीआई डॉट जीओवी डॉट इन पर उपलब्ध करवाई गई है। मतदाता वैबसाइट से बीएलओ की जानकारी हासिल करके अपना एनूमरेशन फार्म भी प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि लाडवा विधानसभा में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कार्य कर रहे हैं। जिन मतदाताओं को अभी तक एनूमरेशन फार्म नहीं मिला है वो अपने बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने मतदाताओं से आह्वान किया है कि वे अपनी दो-दो नवीनतम रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो संबंधित बीएलओ को अवश्य उपलब्ध करवाएं, ताकि मतदाता सूची का सत्यापन कार्य समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से पूरा किया जा सके।
एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा कि जिन मतदाताओं द्वारा नवीनतम रंगीन फोटो उपलब्ध नहीं करवाई जाएगी, उनका सत्यापन अधूरा माना जाएगा और उनका नाम मतदाता सूची के प्रारूप (ड्राफ्ट) में शामिल नहीं हो सकेगा। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान बीएलओ मतदाताओं के विवरण, पते एवं फोटो का सत्यापन कर गणना प्रपत्र भरवा रहे हैं। सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इस कार्य को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न करें।
उन्होंने कहा कि 14 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस अभियान में बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित एवं संग्रहित कर रहे हैं। अभियान के दौरान मतदाता सूची में दर्ज प्रत्येक मतदाता का सत्यापन किया जाएगा, ताकि पात्र नागरिकों का नाम सूची में बना रहे और अपात्र व्यक्तियों के नाम हटाए जा सकें। यह विशेष अभियान 1 जुलाई 2026 को पात्रता तिथि मानकर संचालित किया जा रहा है।
एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा कि मतदाता स्वयं भी सेल्फ एन्यूमरेशन की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल पर पंजीकरण कर आवश्यक जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध करवाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता, उसके माता-पिता अथवा दादा-दादी का नाम वर्ष 2002 की मतदाता सूची में दर्ज है, तो इसकी जानकारी भी बीएलओ को अवश्य दें, जिससे सत्यापन प्रक्रिया को और अधिक सुगम बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि घर-घर सत्यापन कार्य पूर्ण होने के बाद 21 जुलाई 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट) प्रकाशित किया जाएगा। इसके पश्चात 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निपटारा 18 सितंबर 2026 तक किया जाएगा तथा 22 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा कि एसआईआर अभियान का मुख्य उद्देश्य त्रुटिरहित, नवीनतम एवं पारदर्शी मतदाता सूची तैयार करना है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे बीएलओ को आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज समय पर उपलब्ध करवाकर इस महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपना सहयोग दें।
एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा कि आम नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 भी इसी अवधि में सक्रिय है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें तथा सही जानकारी के लिए अधिकृत स्रोतों का ही सहारा लें।
