आधुनिक और शानदार होगा नया भवन, नागरिक सुविधाओं पर विशेष जोर : ऊर्जा मंत्री अनिल विज
अम्बाला छावनी में नए मच्छौंडा सब डिवीजन कार्यालय का भी जल्द होगा उद्घाटन : अनिल विज
आरडीएसएस के तहत 38 करोड़ की लागत से अम्बाला छावनी में बदला जा रही बिजली वितरण का ढांचा
अंबाला, 20 नवंबर – अम्बाला छावनी के नागरिकों और बिजली विभाग के कर्मचारियों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। हरियाणा के ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज के निरंतर प्रयासों के चलते अम्बाला छावनी में उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के बैंक रोड स्थित सब-डिवीजन नंबर दो कार्यालय का नया एवं आधुनिक भवन जल्द बनकर तैयार होगा। ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने बताया कि नए भवन के निर्माण के लिए लगभग 3.75 करोड़ रुपए की राशि को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। स्वीकृति मिलने के साथ ही अब पुराने भवन के स्थान पर नए भवन के निर्माण कार्य जल्द होगा।
कर्मचारी यूनियन की मांग पर त्वरित व सकारात्मक कार्रवाई
सब डिवीजन नंबर दो का नया भवन बनाने के लिए कुछ समय पहले ही एचएसईबी वर्कर यूनियन ने ऊर्जा मंत्री अनिल विज से मुलाकात कर नया भवन बनवाने की मांग रखी थी। कर्मचारियों की व्यावहारिक दिक्कतों और जनहित को ध्यान में रखते हुए ऊर्जा मंत्री ने इस मांग पर गंभीरता और सकारात्मकता के साथ कार्रवाई की तथा इसे पूरा कर दिखाया।
नया भवन बनने से जहां एक ओर बिजली उपभोक्ताओं को बिल संबंधी कार्यों, नए कनेक्शन, शिकायत निवारण और अन्य सेवाओं के लिए बेहतर माहौल मिलेगा, वहीं दूसरी ओर विभागीय स्टाफ को भी सुरक्षित और सुविधाजनक कार्यस्थल उपलब्ध हो सकेगा।
आधुनिक और शानदार होगा नया भवन, नागरिक सुविधाओं पर विशेष जोर : ऊर्जा मंत्री अनिल विज
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने बताया कि प्रस्तावित नए भवन को आधुनिक एवं शानदार स्वरूप में तैयार किया जाएगा। इसमें स्टाफ के बैठने, रिकॉर्ड संधारण और कार्य करने की बेहतर व्यवस्था के साथ-साथ आने वाले उपभोक्ताओं के लिए भी समुचित सुविधाएं उपलब्ध होगी। नए भवन में बाउंडरी वॉल, मेन गेट, ट्यूबवेल, लिफ्ट, पार्किंग एरिया व अन्य प्रबंध होंगे।
ऊर्जा मंत्री ने दोहराया कि क्षेत्रवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं प्रदान करने के लिए वे पूरी तरह कृत संकल्प हैं। सब-डिवीजन का नया भवन तैयार होने से लोगों को वर्तमान में पेश आ रही दिक्कतों से निजात मिलेगी और कामकाज में पारदर्शिता व तेजी आएगी।
50 वर्ष पुराने ढांचे के कारण हुई थी शिफ्टिंग, अब दूर होगी उपभोक्ताओं की परेशानी
गौरतलब है कि बैंक रोड स्थित सब-डिवीजन नंबर दो के पुराने भवन का ढांचा 50 वर्ष से अधिक पुराना हो चुका था। सुरक्षा और कार्य संचालन की दृष्टि से इस कार्यालय को अस्थायी रूप से 12 क्रॉस रोड पर बने नए भवन में शिफ्ट कर दिया गया था।
हालांकि, पुराने स्थान से कुछ दूरी पर कार्यालय शिफ्ट होने के कारण स्थानीय बिजली उपभोक्ताओं को वहां पहुंचने में कुछ परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने इस जमीनी समस्या का स्थायी समाधान करते हुए बैंक रोड स्थित पुराने भवन के स्थान पर ही नए भवन के निर्माण के लिए 3.75 करोड़ रुपए की राशि की प्रशासनिक स्वीकृति दिलवाई है।
क्षेत्र के विकास और सुगम सेवाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
अम्बाला छावनी में बिजली के ढांचे को सुदृढ़ करने की कड़ी में यह कदम काफी अहम माना जा रहा है। जर्जर भवन के स्थान पर आधुनिक सुविधाओं से लैस नए सब-डिवीजन भवन के निर्माण से न केवल विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी, बल्कि वर्षों से सुविधाजनक पहुंच की राह देख रहे उपभोक्ताओं को भी अपने नजदीकी केंद्र पर ही सुगम सेवाएं मिल सकेंगी। जल्द ही निर्माण प्रक्रिया को गति मिलने के साथ अम्बाला छावनी के बिजली ढांचे को एक नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
नए मच्छौंडा सब डिवीजन का जल्द होगा उद्घाटन : अनिल विज
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने बताया कि बिजली उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं प्रदान कराने के लिए नए मच्छौंडा सब डिवीजन स्थापित किया गया था और इसका कार्यालय लगभग तैयार है जिसका आगामी दिनों में उद्घाटन किया जाएगा। अम्बाला-दिल्ली रेलमार्ग से मच्छौंडा की तरफ पड़ने वाले सभी इलाके अब इस नए सब-डिवीजन के अधीन आएंगे। इस सब डिवीजन के बनने से मच्छौंडा, चंद्रपुरी, सुंदरनगर, शाहपुर, शिवाला मंडी, साईं का बाग, गुलाब मंडी, दुधला मंडी, हिम्मतपुरा, पीएनटी कॉलोनी, गांव बाड़ा और आसपास के अन्य ग्रामीण व शहरी इलाकों के हजारों बिजली उपभोक्ताओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
आरडीएसएस के तहत 38 करोड़ की लागत से अम्बाला छावनी में बदला जा रही बिजली वितरण का ढांचा
गौरतलब है कि ऊर्जा मंत्री अनिल विज के प्रयासों से अम्बाला छावनी में रिफॉर्म्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (आरडीएसएस) के तहत अंबाला छावनी में बिजली वितरण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगभग 38 करोड़ रुपये की लागत से पुराने तारों, खंभों और ट्रांसफार्मरों को बदलने का काम चल रहा है। ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने इस परियोजना का शुभारंभ किया था।
