महापौर रेणु बाला गुप्ता की अध्यक्षता में चला विशेष सफाई अभियान, निगमायुक्त सलोनी शर्मा सहित पार्षद, वार्ड समिति सदस्य, सफाई मित्र व क्षेत्रवासी रहे मौजूद।
17 अक्तूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान में स्वास्थ्य, स्वच्छता, जनजागरूकता तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर रहेगा जोर।
करनाल 17 सितंबर,
     सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर निगम करनाल द्वारा वार्ड नम्बर-1 के बसंत विहार क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान की अध्यक्षता महापौर रेणु बाला गुप्ता ने की। इस दौरान नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा, वार्ड पार्षद सुदेश रानी, पार्षद प्रतिनिधि सुभाष कोच, वार्ड समिति सदस्य जितेन्द्र, हरपाल, सुमेर व सुखबीर पाल सहित वार्ड निवासी, नगर निगम की सेनीटेशन टीम तथा सफाई मित्रों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर महापौर ने दी बधाई, सेवा भावना के साथ स्वच्छता का संदेश।
इस अवसर पर महापौर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर पूरे हरियाणा प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान एवं सेवा सेतु अभियान का शुभारंभ किया गया है। इन अभियानों का उद्देश्य सेवा भावना, सामाजिक जिम्मेदारी, जनभागीदारी और जनकल्याण की भावना को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने अनेक क्षेत्रों में प्रगति की है। स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देकर देशवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया है। प्रधानमंत्री का आह्वान रहा है कि देश स्वच्छ और स्वस्थ बने। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
17 अक्तूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान—स्वच्छता से लेकर जनकल्याण तक होंगी विभिन्न गतिविधियां।
महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान आगामी 17 अक्तूबर तक पूरे हरियाणा में चलाया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य जांच शिविर, जनजागरूकता गतिविधियां, स्वच्छता का संदेश, सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाने तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने जैसे कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नागरिकों को इन गतिविधियों से जोड़ते हुए सेवा भावना को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और सामूहिक प्रयासों से भारत को विकसित राष्टï्र बनाने के लक्ष्य को गति मिल रही है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के मार्गदर्शन में हरियाणा और करनाल विकास की राह पर आगे बढ़ रहा।
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के मार्गदर्शन में हरियाणा निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में विकास, स्वच्छता एवं जनकल्याण से जुड़े अनेक कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों का लाभ करनाल शहर को भी मिल रहा है तथा नगर निगम द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
जनभागीदारी से ही सफल होगा सेवा संकल्प अभियान- निगमायुक्त।
नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर उपस्थित सभी लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान की सफलता नागरिकों की सक्रिय जनभागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने शहरवासियों से आह्वान किया कि वे एक माह तक चलने वाले इस अभियान में बढ़-चढक़र भाग लें और अपने शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में अहम योगदान दें।
उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता एवं जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। निगम की टीमें नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ स्वच्छ शहर के लिए आवश्यक व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करेंगी।
गीला-सूखा कचरा अलग करें, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहयोग दें।
निगमायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पालन करें तथा घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करके ही नगर निगम की डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को सौंपें। उन्होंने कहा कि कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने नगर निगम की सेनीटेशन टीम एवं सफाई मित्रों से भी आह्वान किया कि सेवा संकल्प अभियान को उत्सव की भावना के साथ मनाते हुए पूरे जोश, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए फील्ड में नियमित निगरानी और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
स्वच्छता शपथ के साथ गूंजे ‘जय स्वच्छता’ के नारे।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ भारत मिशन-शहरी टीम के ट्रीगर मास्टर गुरदेव सिंह ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता शपथ दिलाई। सभी ने स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग देने का संकल्प लिया। इस दौरान पूरे वार्ड में ‘जय स्वच्छता’ के नारे गूंजे और नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं सेवा भावना का संदेश दिया गया। अभियान में स्थानीय नागरिकों की भागीदारी ने यह संदेश दिया कि जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छ, सुंदर और बेहतर करनाल के संकल्प को मजबूत किया जा सकता है।
इस मौके पर अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार, स्वच्छता अधिकारी महावीर सोढ़ी, मुख्य सफाई निरीक्षक सुरेन्द्र चोपड़ा, सफाई निरीक्षक मनदीप सिंह, संदीप कुमार व ऊषा रानी तथा सहायक सफाई निरीक्षक प्रवेश कुमार व गुलाब सिंह मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *