सडक़ सुरक्षा से जुड़े 15 पुराने तथा 3 नए मामलों पर हुई विस्तृत चर्चा
सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत एसडीएम अपने-अपने क्षेत्र में स्कूल वाहनों की करें नियमित जांच: डीसी
करनाल, 27 अगस्त। उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा की अध्यक्षता में वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में जिला सडक़ सुरक्षा समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सडक़ सुरक्षा से जुड़े 15 पुराने तथा 3 नए मामलों पर विस्तृत चर्चा करते हुए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्र में स्कूल वाहनों की जांच नियमित रूप से जारी रखें। अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि लोक निर्माण विभाग, मार्केट कमेटी व जिला परिषद के अंतर्गत आने वाली सडक़ों की समय-समय पर मरम्मत करवाना सुनिश्चित करें ताकि सडक़ दुर्घटनाओं पर रोक लग सके। उन्होंने कहा कि सडक़ सुरक्षा समिति के सदस्यों द्वारा जिन विषयों को उठाया जाता है उनकी गंभीरता को समझें और उन पर कार्रवाई करें। उन्होंने यह भी स्पष्टï किया कि सडक़ सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। बैठक में डीसी ने नए एजेंडों में शामिल गांव अरजेहड़ी नजदीक रायपुर राष्टï्रीय राजमार्ग 44 पर अवैध कट को बंद करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार से ऊंचा समाना, कुटैल रोड पर बड़े गड्ढïों तथा जिला की अन्य सडक़ों के ब्लैक स्पॉट्स को भरने के लिए निर्देश दिए।
बैठक में आरटीए विजय देशवाल ने बताया कि पुलिस द्वारा जुलाई 2026 में 35484 चालान काटे गए। इस अवधि में 6453400 रुपये जुर्माना वसूला गया। उन्होंने बताया कि गत माह ओवर स्पीड के 4087, बिना हेलमेट के 18946, शराब पीकर वाहन चलाने के 55, बिना आरसी नंबर के 502, बिना लाइसेंस और अंडर ऐज के 338, बिना नंबर प्लेट के 823, लेन चेंज के 1943, ट्रिपल राइडिंग के 516, गलत दिशा में वाहन चलाने के 454, गलत पार्किंग के 1192, लाल बत्ती उल्लंघन के 650, बिना थर्ड पार्टी बीमा के 3129, जेब्रा क्रॉसिंग के 2026, बिना पॉल्यूशन सर्टिफिकेट के 627 और बिना सीट बेल्ट के 196 चालान काटे गए। इसके अलावा आरटीए द्वारा जुलाई 2026 में 288 चालान काट कर एक करोड़ 6 लाख 5 हजार 500 रुपये जुर्माना वसूला गया।
आईडीटीआर करनाल द्वारा प्रशिक्षण के लिए जुलाई 2026 में 1442 लोगों का पंजीकरण किया गया जिसमें 1439 ने प्रशिक्षण पूरा किया। बैठक में बताया गया कि जिला में हिट एंड रन के 146 में से 129 केस मुआवजे के लिए मंजूर हो चुके है। जिनमें 66 में जीआईसी द्वारा भुगतान कर दिया गया है।
बैठक में एडीसी डॉ. राहुल रईया, एसडीएम करनाल देवेंद्र शर्मा, एसडीएम असंध सुमित सिहाग, एसडीएम घरौंडा राजेश सोनी, आरटीओ विजय देशवाल, समिति के गैर सरकारी सदस्य व विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
